नोएडा में मासूम की मौत : खेलते-खेलते होदी में गिरा
सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में झुग्गी बस्ती के पास बनी पानी से भरी होदी में गिरने से चार साल के मासूम की मौत हो गई

संतुलन बिगड़ा और हादसा : चार साल के बच्चे की डूबकर मौत
- झुग्गी बस्ती में मातम : गोलू की मौत से परिवार बेहाल
- पहले भी हो चुके हादसे : पानी भरे गड्ढों में मासूमों की जान गई
नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में झुग्गी बस्ती के पास बनी पानी से भरी होदी में गिरने से चार साल के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तत्काल अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है।
मृतक की पहचान चार साल के फिरोज आलम उर्फ गोलू के रूप में हुई है। उसके परिजन सीतापुर के अटरिया के रहने वाले हैं। परिवार वर्तमान में सेक्टर-123 स्थित पर्थला गोलचक्कर के पास झुग्गी बस्ती में रहकर मजदूरी करता है। थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को मासूम खेलते-खेलते झुग्गी के पास बनी पानी से भरी होदी के करीब पहुंच गया। खेलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह होदी में गिर गया।
आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। झुग्गी बस्ती में भी शोक का माहौल छा गया।
पुलिस ने पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में थाना सेक्टर-113 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि जिस स्थान पर होदी बनी थी, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं:-
- 18 जून 2026: सेक्टर-150 के पास बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से छह वर्षीय बच्चे की मौत।
- 22 अगस्त 2025: सेक्टर-74 में सोसाइटी के स्वीमिंग पूल में डूबने से पांच वर्षीय मासूम की जान गई।
- 12 जुलाई 2025: सेक्टर-137 के निर्माणाधीन परिसर में पानी भरे गड्ढे में गिरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत।
- 5 सितंबर 2024: फेस-2 क्षेत्र में पानी से भरे टैंक में गिरने से चार वर्षीय बच्चे की डूबकर मौत हो गई।


