Top
Begin typing your search above and press return to search.

सर्राफा कारोबार संकट में, व्यापारी पुलिस उगाही से परेशान: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में सोने की कीमतों, आर्थिक असमानता और छोटे कारोबारियों पर बढ़ते दबाव के बीच सरकार पर निशाना साधा

सर्राफा कारोबार संकट में, व्यापारी पुलिस उगाही से परेशान: अखिलेश यादव
X

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में सोने की कीमतों, आर्थिक असमानता और छोटे कारोबारियों पर बढ़ते दबाव के बीच सरकार पर निशाना साधा। लखनऊ में स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने सर्राफा कारोबार को संकट में डाल दिया है, जबकि पुलिस-प्रशासन व्यापारियों को फर्जी मुकदमों और उगाही के जरिए प्रताड़ित कर रहा है।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश में रोजाना 10-15 व्यापारी पुलिस वसूली का शिकार हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि स्वर्णकार समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन सरकार के फैसलों ने इस वर्ग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने सोने को लेकर केंद्र की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब आम लोगों के हाथ खाली हैं तो अर्थव्यवस्था मजबूत होने का दावा कैसे किया जा सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश की पूंजी कुछ लोगों तक सीमित होकर रह गई है और महंगाई ने आम व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार जानबूझकर ऐसा माहौल बना रही है, जिससे छोटे और मध्यम कारोबारी संकट में फंस जाएं।

अखिलेश यादव ने कहा कि स्वर्णकार समाज सबसे ज्यादा राजस्व देने वालों में है, फिर भी उन्हें सुरक्षा और सम्मान नहीं मिल रहा। समाजवादी पार्टी स्वर्णकार समाज के साथ खड़ी है और 2027 में सरकार बनने पर स्वर्णकार बोर्ड के गठन, डिजाइन विश्वविद्यालय की स्थापना और संत नरहरि दास महाराज की प्रतिमा गोमती रिवरफ्रंट पर लगाने का काम किया जाएगा।

उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार और जमीन घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा कि अयोध्या, आगरा, गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज में बड़े पैमाने पर जमीनों की खरीद-फरोख्त हुई है और इसमें भाजपा नेताओं की भूमिका रही है।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति करती है, लेकिन 2027 में जनता उसका जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर किसी के साथ अन्याय नहीं होगा, सभी को सुरक्षा और न्याय मिलेगा तथा प्रदेश में अमन-चैन कायम किया जाएगा।

कार्यक्रम में मौजूद स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने भी सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग और व्यापारियों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it