कलेक्शन एजेंट से लूट के प्रयास का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार
तमंचा, कारतूस व दो मोटरसाइकिल बरामद; तीन बाल अपचारियों के नाम भी सामने आए

किठौर /मेरठ। थाना किठौर पुलिस ने कलेक्शन एजेंट से रुपये से भरा बैग लूटने के प्रयास के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा, मैगजीन, कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस की जांच में तीन बाल अपचारियों के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को जितेंद्र कुमार निवासी ग्राम लुहारी , थाना बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ ने थाना किठौर में सूचना दी थी कि वह माइक्रो फ्यूजन फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्य करता है। वह किठौर क्षेत्र के हसनपुर कलां, मंगली किठौर, शोल्दा तथा आसपास के गांवों से कंपनी के लिए कलेक्शन एकत्र करता है।
वादी के मुताबिक, ग्राम मंगली किठौर से सोल्दा के बीच गढ़ रोड पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्ति ने उसका रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। सूचना पर किठौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया। पुलिस की जांच में अमित उर्फ गोलू पुत्र फकीर चंद , निवासी ग्राम हसनपुर, थाना किठौर, जनपद मेरठ सहित तीन बाल अपचारियों के नाम सामने आए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा, मैगजीन, कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


