Top
Begin typing your search above and press return to search.

आगरा में सपा ने फिर भाजपा को दी पटखनी, शिक्षक एमएलसी सीट पर आकाश अग्रवाल जीते

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव में आगरा से समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी, दोनों के लिए जीत की खबर आई है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर भाजपा को झटका दिया है। वहीं, आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी ने सपा के शशांक यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी।

आगरा में सपा ने फिर भाजपा को दी पटखनी, शिक्षक एमएलसी सीट पर आकाश अग्रवाल जीते
X

आगरा। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव में आगरा से समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी, दोनों के लिए जीत की खबर आई है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर भाजपा को झटका दिया है। वहीं, आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी ने सपा के शशांक यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विजयी घोषित होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर नरेंद्र प्रताप ने बुधवार को डॉ. आकाश अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। हालांकि, प्रशासन की ओर से मतों के अंतिम आधिकारिक आंकड़े तत्काल उपलब्ध नहीं कराए गए। प्रमाणपत्र मिलने के बाद आकाश अग्रवाल को मीडिया से बातचीत का अवसर भी नहीं मिला। उन्हें पुलिस सुरक्षा के बीच मतगणना स्थल के पिछले गेट से बाहर ले जाया गया। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।

उधर, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार के कामकाज को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, स्नातकों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों का समर्थन भाजपा को मिला है, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी ने जीत दर्ज की है। मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने रोजगार, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और एक जिला, एक उत्पाद जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सैफई और रामपुर का सिंडिकेट नौकरियों पर डाका डालता था जबकि अब योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है और अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई। एक निर्वाचन क्षेत्र में विजेता की घोषणा कर दी गई है, जबकि दूसरे में अंतिम मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जा रही थी।

उन्होंने कहा कि पूरी गणना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों विजयी प्रत्याशियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। शहर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू होने के कारण किसी भी तरह का विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्याशियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

मतगणना के दौरान रात में हुए हंगामे से जुड़े सवाल पर दीपक कुमार ने कहा कि संबंधित प्रक्रिया मतगणना स्थल के अंदर हुई थी और बाहर किसी तरह की घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस को अब तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस कमिश्नर ने मतगणना में तैनात पुलिसकर्मियों, मतदानकर्मियों और पत्रकारों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मतपत्रों से होने वाली मतगणना की प्रक्रिया लंबी होती है और पुलिसकर्मी सुबह पांच बजे से लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it