मूक बधिर नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घर की छत पर घरेलू कार्य कर रही एक गांव निवासी गूंगी बहरी नाबालिक के साथ पड़ोसी युवक द्वारा छत से खींचकर दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है

रबूपुरा। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घर की छत पर घरेलू कार्य कर रही एक गांव निवासी गूंगी बहरी नाबालिक के साथ पड़ोसी युवक द्वारा छत से खींचकर दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया।
आरोप है शिकायत के बावजूद भी आरोपी को गिरफ्तार करना तो दूर पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की है। उधर पुलिस मामले की जांचोपरांत कारवाई की बात कर रही है। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी है कि 2 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे उसकी 14 वर्षीय बेटी जो जन्म से सुनने और बोलने में असमर्थ है, अपने घर की छत पर घरेलू कार्य कर रही थी।
आरोप है इसी दौरान पड़ोसी युवक दीवार कूद कर उसकी छत पर आया और दुष्कर्म की नीयत से उनकी पुत्री को खींचकर दूसरी छत पर ले जाने का प्रयास करने लगा। आरोप है पीड़िता के विरोध पर उक्त ने मारपीट की तथा शोर मचाने पर किशोरी को छोड़ कर फरार हो गया।
आरोप है घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई लेकिन दो दिन बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उधर पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।


