Top
Begin typing your search above and press return to search.

ग्रेटर नोएडा में पार्टी के दौरान विवाद, लूटपाट और धमकी देने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने एक फ्लैट में पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और धमकी देने के मामले में चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है

ग्रेटर नोएडा में पार्टी के दौरान विवाद, लूटपाट और धमकी देने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
X

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने एक फ्लैट में पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट और धमकी देने के मामले में चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की स्विफ्ट कार सहित कई कीमती सामान भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह घटना 7 मई की है। पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया कि उसके फ्लैट पर पार्टी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर आरोपियों और पीड़ित के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी और फ्लैट में जमकर तोड़फोड़ की।

आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी पीड़ित के कमरे से एटीएम कार्ड, शॉपिंग कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, डीएसएलआर कैमरा, जूते, नगदी, सोने की चेन और अन्य सामान अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित की स्विफ्ट कार भी कब्जे में ले ली।

पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। साथ ही छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे 50 हजार रुपए की मांग की गई। दबाव बनाकर आरोपियों ने पीड़ित से ऑनलाइन माध्यम से 12,500 रुपए ट्रांसफर करा लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिसरख पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी।

पुलिस को शुक्रवार 15 मई को बड़ी सफलता मिली, जब चारों आरोपियों को चार मूर्ति चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की स्विफ्ट कार समेत अन्य सामान बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रथम चन्ना (22), सैम चौधरी (21), आशिता (20) और पूजा (21 ) के रूप में हुई है। सभी आरोपी दिल्ली के विभिन्न इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस द्वारा बरामद सामान में एक चार्जर और कैमरा बैग, एक साउंड बार, एक हाथ की घड़ी, एक जोड़ी जूते, दो क्रेडिट कार्ड भी शामिल हैं। इस संबंध में थाना बिसरख में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it