Top
Begin typing your search above and press return to search.

अखिलेश का भाजपा पर हमला, ‘जो जेपी को बेच सकते हैं, उनसे किसी भलाई की उम्मीद नहीं'

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन के मौके पर सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात की

अखिलेश का भाजपा पर हमला, ‘जो जेपी को बेच सकते हैं, उनसे किसी भलाई की उम्मीद नहीं
X

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन के मौके पर सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला।

अखिलेश ने महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई, किसानों, शिक्षा और सरकार की नीतियों को लेकर भाजपा को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं की रक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा उनके उत्थान के लिए सम्मानजनक और प्रभावी नीतिगत फैसले लिए जाएंगे।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर जयप्रकाश नारायण के नाम और विचारों को बेचने का आरोप लगाते हुए कहा, “जो जेपी को बेच सकते हैं, उनसे किसी भलाई की उम्मीद नहीं की जा सकती।” उन्होंने कहा कि जिस जेपी की तस्वीर रखकर भाजपा ने अपने गठन के समय खुद को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास किया था, आज वही लोग जयप्रकाश नारायण के नाम और विचारों को बेच रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि ऐसे लोगों से किसी तरह की भलाई की उम्मीद नहीं की जा सकती। महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं पेट्रोल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है, जिसमें चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाकर उनसे चंदा वसूला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरत के सामान महंगे होने से बाजारों की रौनक गायब हो गई है और त्योहार भी फीके पड़ गए हैं। सरकार पर मुनाफाखोरी का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार खुद मुनाफा कमाने में जुटी है और उद्योगपतियों को खुली छूट देकर मुनाफे का बंटवारा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री की ओर से बड़ी कंपनियों के साथ किए जा रहे समझौता ज्ञापनों पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे समझौते किए जा रहे हैं, जिनसे आने वाले समय में किसानों के हाथ से खेती छिन सकती है। शिक्षा के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि जिन तीन काले कानूनों को वापस लेने का सरकार नाटक करती है, वे आज भी किसी न किसी रूप में लागू किए जा रहे हैं। सैफई और लखनऊ में स्वीकृत नए प्राथमिक विद्यालयों के निर्माण कार्य को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा को बढ़ावा नहीं देना चाहती।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it