सपा में एकता नहीं हुई तो नेताजी के नेतृत्व में बनाया जायेगा नया मोर्चा
शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि पार्टी में एकता नहीं हुई तो आने वाले दो माह के भीतर नेताजी के नेतृत्व में एक नया मोर्चा बनाया जायेगा
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि पार्टी में एकता नहीं हुई तो आने वाले दो माह के भीतर नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के नेतृत्व में एक नया मोर्चा बनाया जायेगा। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के राज्यपाल बनाये जाने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसे किसी प्रस्ताव को नेताजी स्वीकार नहीं करेंगे।
अभी भी समय है, समाजवादियों को एक हो जाना चाहिए। एकजुट नहीं हुए तो नेताजी के नेतृत्व में आने वाले दो माह के भीतर एक नया मोर्चा बनाया जायेगा। यादव आज यहां बेलनाडीह गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आये थे।
उन्होंने कहा कि पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं है। नेताजी के नेतृत्व में एक नया मोर्चा बनाया जा सकता है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नेताजी को सम्मान देते तो ऐसी स्थिति नहीं आती।
वे पूरे प्रदेश का भ्रमण कर रहे हैं। लोगों से मिल रहें हैं। सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाईटेड(जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन को निजी मामला बताते हुए इस बारे में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि देश में अभी महागठबंधन बना भी नहीं था कि मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने भाजपा से हाथ मिला लिया।


