कटक का महानदी रिवरफ्रंट बनेगा विश्व स्तरीय पर्यटन हब
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कटक के महानदी रिवरफ्रंट को एक जीवंत और राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र में बदलने की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की है

210 करोड़ की परियोजना से नदी किनारे का कायाकल्प
- 426 एकड़ में ओडिशा हाट, हेरिटेज विलेज और फूड कोर्ट
- साबरमती मॉडल पर तैयार होगी योजना, क्रूज सेवा का भी प्रस्ताव
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कटक के महानदी रिवरफ्रंट को एक जीवंत और राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र में बदलने की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की है।
लगभग 210 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना के तहत नदी के किनारे 426 एकड़ क्षेत्र का कायाकल्प किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को सभी प्रारंभिक प्रक्रियाएं पूरी कर पहले चरण का काम बिना किसी देरी के शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
विकास योजना के अनुसार, 426 एकड़ में से 284 एकड़ क्षेत्र को 'ग्रीन बफर जोन' के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि शेष 142 एकड़ भूमि पर पर्यटन और मनोरंजक गतिविधियां विकसित की जाएगी। इस परियोजना में ओडिशा हाट, हेरिटेज विलेज, पिकनिक जोन, फूड कोर्ट और सुंदर उद्यानों का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट मॉडल का अध्ययन करने का सुझाव दिया है और भविष्य में महानदी में क्रूज सेवा शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा है।


