एसीबी ने दो अफसरों का बैंक लॉकर खुलवाया
बिलासपुर ! एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कल शहर के चार अधिकारियों के यहां आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापामार कर करोड़ों की संपत्ति बरामद की थी

बिलासपुर ! एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कल शहर के चार अधिकारियों के यहां आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापामार कर करोड़ों की संपत्ति बरामद की थी वहीं आज सुबह सहायक खाद्य अधिकारी और प्रधानमंत्री सडक़ योजना के ई.ई.से पूछताछ करने के बाद उन्हें साथ लेकर उनके बैंक लॉकर की तलाशी लेने एसीबी की टीम बैंक पहुंची। एसीबी की टीम ने बैंक मैनेजरों से चर्चा करने के बाद दोनों अधिकारियों के लॉकरों से संबंधित जानकारी एकत्र की। वहीं एसीबी के अधिकारी बैंक लॉकर से संबंधित जानकारी देने से बचते रहे।
गौरतलब है कि गुरू वार की सुबह एसीबी की भारी भरकम टीम ने एक साथ सहायक खाद्य अधिकारी आनंद तम्बोली और प्रधान मंत्री सडक़ योजना के ई.ई.प्रदीप गुप्ता के घरों में दबिश देकर उनके यहां से अकूत संपत्ति के दस्तावेज के अलावा बैंकों के पास बुक जब्त किये थे। उसके बाद एसीबी की टीम रात को वापस सर्किट हाउस आ गई थी। आज सुबह एसीबी के अधिकारियों ने काली कमाई करने वाले दोनों अफसरों को पूछताछ के लिए सर्किट हाउस बुलाया था पूछताछ करने के बाद टीम के अधिकारी उन्हें लेकर श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित इंडसलैण्ड बैंक और मगरपारा में स्थित कोटेक महिन्द्रा बैंक पहुंचे। एसीबी के अधिकारी दोनों बैंकों के ब्रांच मैनेजरों से बातचीत करने के बाद दोनों अधिकारियों का बैंक लॉकर खुलवाया। एसीबी की टीम को लॉकर में क्या-क्या मिला इसकी जानकारी देने से एसीबी के अधिकारियों बचते रहे। एक अधिकारी का कहना था कि इसका खुलासा मुख्यालय में किया जाएगा।


