भरोसा रखिये,फिर बनेगी मोदी सरकार : अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने आज दावा किया कि देश भर में मोदी लहर चल रही है जिसकी बदौलत उनकी पार्टी दोबारा केन्द्र में सरकार बनाने में सफल होगी

चित्रकूट । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने आज दावा किया कि देश भर में मोदी लहर चल रही है जिसकी बदौलत उनकी पार्टी दोबारा केन्द्र में सरकार बनाने में सफल होगी।
बेड़ी पुलिया में भाजपा प्रत्याशी आर के सिंह पटले के पक्ष में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये शाह ने कहा कि लोकप्रियता के शिखर पर पहुंच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में देश भर में जबरदस्त लहर है। लोगों को भाजपा सरकार पर पूरा भरोसा है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकास के रास्ते पर लगातार आगे लेकर जायेंगे।
गठबंधन पर निशाना साधते हुये उन्होंने कहा कि बुआ (मायावती) भतीजा (अखिलेश यादव) ने उत्तर प्रदेश में हमेशा गरीबो को ठगने का काम किया था, इसीलिए जनता ने उनको ठुकरा दिया है। अब जनता पूरी तरह से सतर्क है। कांग्रेस प्रत्याशी कुख्यात डकैत ददुआ के भाई बालकुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि किसी को बाहुबलियों से डरने की ज़रूरत नही है। वे बेखौफ होकर मतदान केन्द्रों का रूख कर सकते है और अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करें। सरकार उनकी सुरक्षा का पूरा बंदोबस्त करेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीबो के लिए बहुत काम किया। सात करोड़ गरीबो को गैस दी,आवास दिया, बिजली दी, आयुष्मान योजना से गरीबों को पांच लाख तक का इलाज मुफ्त दिया।
2022 तक पूरे देश मे बिजली ,पानी,गैस सिलेंडर देने का मोदी सरकार का लक्ष्य है।
शाह ने कहा कि किसानों और छोटे व्यपारियो को बिना ब्याज का लोन दिया जाएगा। छोटे किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। छोटे व्यपारियो को जीएसटी माफ किया जायेगा। आतंकवाद के मसले पर उन्होने कहा कि आतंकियों को मोदी सरकार ने मुंहतोड़ जवाब दिया है ।
उन्होने कहा “ इससे पहले पहले मौनी बाबा (मनमोहन सिंह) कुछ नही बोलते थे। अब जवानों को छूट दी गई है। सेना अपने तरीके से कार्य करने के लिए आजाद है। देश मे भाजपा की सरकार नही भी होगी तब भी भाजपा के सभी कार्यकर्ता कभी कश्मीर को अलग होने नही देगे। ”


