छेड़छाड़ का विरोध करने पर तेजाब से जलाने की धमकी
गाजियाबाद ! इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के काला पत्थर रोड पर बुधवार शाम छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ मनचलों ने एक महिला को तेजाब से जलाने की धमकी दी।

गाजियाबाद ! इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के काला पत्थर रोड पर बुधवार शाम छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ मनचलों ने एक महिला को तेजाब से जलाने की धमकी दी। पीडि़ता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। इस संबंध में पीडि़ता ने गुरुवार को इंदिरापुरम थाने में शिकायत दी है। थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी का कहना है कि पुलिस युवकों की तलाश में लगी है।
जानकारी के अनुसार, वैभव खंड स्थित विंडसर सोसायटी में पीडि़ता परिवार के साथ रहती हैं। बुधवार शाम को वह पड़ोस में ही रहने वाली एक दोस्त के साथ काला पत्थर सडक़ पर टहल रही थीं। इसी बीच सडक़ किनारे खड़े तीन युवक उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो युवकों ने अश्लील कमेंट करना शुरू कर दिया। महिला ने जब टोका तो युवकों ने उन्हें तेजाब फेंककर जलाने की धमकी दी। इसके बाद पीडि़ता शोर मचाने लगी। लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी युवक भाग गए। महिला ने इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को युवकों का हुलिया भी बताया। पुलिस ने इलाके में कई जगहों पर युवकों की तलाश की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चला।
सुबह टहलना किया बंद
युवकों की धमकी के बाद से महिला काफी डरी हुई हैं। पीडि़ता रोजाना टहलती थीं, लेकिन गुरुवार को डर के कारण घर से बाहर नहीं निकलीं। हालांकि पुलिस ने पीडि़ता को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।
जानकारी के अनुसार, इंदिरापुरम, शक्तिखंड, नीतिखंड, न्यायखंड, मकनपुर और कनावनी गांव में कई जगह झुग्गी बनी हुई हैं। इलाके की महिलाओं का आरोप है कि इनमें रहने वाले कई युवक रोजाना देर शाम महिलाओं पर अश्लील कमेंट करते हैं। विरोध करने पर युवक बदतमीजी भी करते हैं।


