Top
Begin typing your search above and press return to search.

लॉकअप में आरोपी ने की आत्महत्या,कंबल की रस्सी बनाकर लगाई फांसी

छतरपुर,देशबन्धु। जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर नौगांव में थाना पुलिस ने बीती रात चोरी के संदेह में हिरासत में युवक को गिरफ्तार किया था।

लॉकअप में आरोपी ने की आत्महत्या,कंबल की रस्सी बनाकर लगाई फांसी
X

छतरपुर,देशबन्धु। जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर नौगांव में थाना पुलिस ने बीती रात चोरी के संदेह में हिरासत में युवक को गिरफ्तार किया था। जिसमें लॉकअप में फांसी लगा ली। युवक ने कम्बल फाडक़र उसकी रस्सी बनाकर फांसी लगा ली। इस पूरे मामले से पुलिस महकमे अफरा -तफरी मच गई और देखते ही देखते जिले भर की पुलिस और आला अधिकारी नौगांव थाना पहुंच गए थे। एसपी ने दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।
घटना के संबंध में एएसपी बीके एस परिहार ने बताया कि गुरूवार की दरम्यानी रात लगभग 1बजे चर्च रोड ईशानगर चौराहा से सूचना मिली कि बृजेश मिश्रा के मकान की छत पर एक चोर चढ़ा हुआ है जिसे मोहल्ले वालों ने घेरे रखा है। मौके पर 100 डायल और नौगांव थाना पुलिस मौके पर पंहुची और आरोपी को पकड़ कर थाने लाया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुनील विश्वकर्मा उम्र 25 वर्ष पिता रामेश्वर विश्वकर्मा निवासी पड़वाहा थाना व तहसील अजयगढ़ जिला पन्ना का बताया। इसके बाद उसे लॉकअप में बंद कर दिया। पुलिस के पास फिर सूचना आई कि आरोपी के कुछ और साथी अभी भी घटना स्थल पर मौजूद है। जिस पर तत्काल टीम घटना स्थल पर पंहुची जहां आरोपी तो नहीं मिले लेकिन, सुनील के दस्ताने मोज़े जूते टार्च ताला तोडऩे वाली राड व टूटा हुआ ताला जब्त किया गया।
रात के दो बजे के लगभग मौके पर गई टीम के पास संतरी अभिषेक ने फोन लगाया कि लॉकअप के अंदर आरोपी ने फांसी लगा ली। मौके पर गई टीम वापस थाने आई जहां आरोपी ने कम्बल को बगल से फाडक़र उसकी रस्सी बनाई थी। और उसे लेकर बाथरूम में लगे रोशनदान से बांध कर फांसी लगा ली। जिसकी सूचना पुलिस ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी सूचना पाते ही जिले के समस्त एसडीअ पी थाना एवं चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे।
मजिस्ट्रेट पी के बांदिल मजिस्ट्रेट नीलू संजीव श्रृंगऋषि टीकमगढ़, एएसपी राकेश खाखा टीकमगढ़ एफएसएल टीम छतरपुर एसडीएम डी पी द्विवेदी नौगांव एसडीएम बी बी गंगेले तहसीलदार जिया फातिमा के सामने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसपीललित शाक्यवार, डीआईजी के सी जैन एवं मृतक के परिजनों के पहुंचते ही तीन डॉक्टरों के पैनल बीएमओ डॉ अजय यादव ,डॉ महेश दीक्षित ,डॉ एन के गुप्ता ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया । पोस्टमार्टम के बाद शव को एसडीओपी पन्ना और टीआई की सुरक्षा में परिजनों के साथ मृतक के निवास स्थान भेजा गया ।

इनका कहना है
मृतक को पुलिस चोरी की सूचना पर पकड़ कर लाइ थी मृतक पर पन्ना जिले में कई प्रकरण दर्ज है लॉकअप में फांसी लगाना यह एक जांच का विषय है इसकी जांच की जा रही है।
ललित शाक्यवार, एसपी , छतरपुर

पुलिस के पास नहीं इन सवालों के जवाब
1 कम्बल को फाड़ कर उसका रस्सी बनाना ।
2 लॉकअप के अंदर लगे सी सी टीवी कैमरे का खऱाब होना।
3 फांसी लगाने के बाद पैर जमीन पर रखे होना।
4 पुलिस द्वारा परिजनों के मोबाइल अपने पास रखना और किसी से बात न करने देना ।

आत्महत्या नहीं की
मृतक के पीछे पत्नी पूजा एवं तीन साल की बच्ची भी है। मृतक के भाई अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि मेरा भाई सुनील जो की पन्ना जिले 8 प्रकरणों में आरोपी है। वह गुरूवार को 12 बजे मेरे निवास छतरपुर आया था , 3 बजे तक वह मेरे साथ रहा उसके बाद वह यह कहकर चला गया कि मुझे एक शादी समारोह में जाना है। साथ ही मृतक के भाई ने कहा कि मेरा भाई आत्महत्या नहीं कर सकता।
2 आरक्षक निलंबित
एसपी ललित शाक्यवार ने बंदीगृह में हुई आत्महत्या के मामले में संतरी राजकुमार सिसोदिया और आरक्षक अभिषेक समेले को निलंबित कर दिया है। जबकि थाना प्रभारी राज कुमार यादव को क्लीनचिट दे दी गई है।
पन्ना में लूट सहित 8 मुकदमे दर्ज
मृतक सुनील पर पन्ना थाने में 7 चोरियो सहित 1 लूट का प्रकरण दर्ज है। मृतक 20 जनवरी को ही पन्ना जेल से जमानत पर बाहर आया था।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it