तालाबों में तब्दील हो गई सड़क
बांकीमोंगरा मेन रोड से जंगल साइड तक जाने वाले मार्ग पर एक-दो नहीं बल्कि करीब आधा दर्जन तालाब निर्मित हो गए

कोरबा-बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा मेन रोड से जंगल साइड तक जाने वाले मार्ग पर एक-दो नहीं बल्कि करीब आधा दर्जन तालाब निर्मित हो गए हैं।
विशालकाय गड्ढों में भरा पानी यही स्वरूप रेखांकित कर रहा है। स्थानीय लोगों व युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा लगातार की जा रही सड़क सुधार की मांग पर स्थानीय प्रशासन से लेकर एसईसीएल की उदासीनता कायम है। रात के वक्त इस मार्ग पर अंधेरा भी रहता है जिसकी वजह से गड्ढे व गहराई का आभास नहीं हो पाता। लोग गड्ढे में फंसकर या पूरी सड़क को घेरकर निर्मित गड्ढे के किनारे से निकलकर जाने के चक्कर में गिर कर हादसे का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बांकीमोंगरा मेन रोड चौक से जंगल कालोनी, अरदा, पौंसरा, तेलसरा और आगे जाने के लिए यह एकमात्र मार्ग है। कालोनीवासी भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। प्रत्येक सोमवार को यहां बाजार भी लगता है। स्कूली व महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के आने-जाने का भी यह मार्ग है।
दुपहिया से लेकर चार पहिया और स्कूली बस भी इस रास्ते से आना-जाना करते हैं। वाहनों और लोगों का लगातार दबाव के कारण यह सड़क पूरी तरह से खत्म हो चुका है जिसकी मरम्मत की नितांत आवश्यकता लोगों ने बताई है। इसी तरह बांकीमोंगरा चौक से शुक्लाखार जाने वाला मार्ग भी गड्ढों से
युक्त है।


