उन्नाव पीड़िता हादसे मामले में सीबीआई की सूची में मंत्री के दामाद का भी नाम
सड़क हादसे में घायल उन्नाव की बलात्कार पीड़िता के मामले में केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी में दर्ज नामजद आराेपियों की सूची में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के एक मंत्री के दामाद भी शामिल

लखनऊ । सड़क हादसे में घायल उन्नाव की बलात्कार पीड़िता के मामले में केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी में दर्ज नामजद आराेपियों की सूची में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के एक मंत्री के दामाद का भी शामिल है।
रायबरेली के गुरूबख्शगंज क्षेत्र में रविवार को हुये हादसे में गंभीर रूप से घायल उन्नाव की बलात्कार पीड़िता और उसके वकील को जीवनरक्षक प्रणाली में रखा गया है। इस दुर्घटना में पीड़िता की चाची और मौसी की मृत्यु हो गयी थी।
सीबीआई को इस मामले की जांच का जिम्मा दिया गया है जिसकी एफआईआर में उन्नाव में नवाबगंज के ब्लाक प्रमुख अरूण सिंह का नाम है। अरूण फतेहपुर के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह के दामाद है। दिलचस्प है कि पीड़िता की कार को टक्कर मारने वाला ट्रक फतेहपुर का है और उसका मालिक भी इसी जिले से है।
सूत्रों ने बुधवार को बताया कि अरूण बलात्कार के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर का बेहद करीबी है। उसकी भूमिका पर पहले भी सवालिया निशान लगे है लेकिन एफआईआर में उसका नाम कभी नहीं आया लेकिन हादसे के मामले में उसको अभियुक्त बनाया गया है।
सीबीआई ने इस मामले में 25 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है जिसमें नौ को नामजद आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में बांगरमऊ के भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, उसके भाई मनोज के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सेंगर की बर्खास्तगी को लेकर भाजपा से सवाल कर रही है। उन्होने ट्वीट किया “ उन्नाव बलात्कार मामला व पीड़िता के पूरे परिवार को प्रताड़ित करना सत्ता के सरंक्षण के बिना सम्भव नहीं। अब परतें खुल रही हैं व भाजपा नेताओं के नाम और पुलिस की लीपापोती सामने आ रही है। कांग्रेस न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। ये लड़ाई हम मज़बूती से लड़ेंगे।


