आदिवासी क्षेत्रों का फायदा उठा रहे शराब तस्कर
बिलासपुर ! जिले के आदिवासी क्षेत्र आबकारी विभाग की उपयोजना के तहत आते हैं, इसके अनुसार इस क्षेत्र के आदिवासियों को शराब बनाने व रखने की छूट होने के कारण विभाग कार्रवाई नहीं कर

शराब बनाने रखने की छूट से आबकारी विभाग नहीं कर पाता कार्रवाई
बिलासपुर ! जिले के आदिवासी क्षेत्र आबकारी विभाग की उपयोजना के तहत आते हैं, इसके अनुसार इस क्षेत्र के आदिवासियों को शराब बनाने व रखने की छूट होने के कारण विभाग कार्रवाई नहीं कर सकता। इसी नियम का फायदा शराब तस्कर और अवैध रुप से शराब का निर्माण करने वाले उठा रहे हैं और कोटा, गौरेला,पेण्ड्रा, मरवाही, बेलगहना क्षेत्र में धड़लले से शराब बनाई और बेची जा रही है। आज ऐसे ही एक मामले में आबकारी अमले ने कोटा के करगीकला में दो आरोपियों से 13 लीटर महुआ शराब जब्त कर उन पर कार्रवाई की। वहीं दो अन्य के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर मदिरा पान करने का मामला दर्ज किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुआ थी कि करगीकला कोटा में महुआ शराब खुलेआम बेची जा रही है। सूचना पर आबकारी की टीम ने दबिश दी और नवलकुमार साहू पिता विश्वनाथ साहू 19 वर्ष व नोहर प्रसाद साहू पिता बिसाहू राम साहू 45 वर्ष को क्रमश: 7 व छ: लीटर महुआ शराब के साथ धर दबोचा और आबकारी अधिनियम 1927 की धारा 34, 1, (क) 34 (2) व 59 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया गया। वहीं अमित कुमार यादव व सुरित राम यादव को सार्वजनिक स्थान पर मदिरापान करते टीम ने पकड़ कर 36 च का मामला पंजीबद्ध किया। कार्रवाई में प्रमुख रुप से आबकारी उपनिरीक्षक वैभव मित्तल व श्रीमती सुनीता गुप्ता शामिल रही।
महुआ शराब अत्यंत हानिकारक
रसायनों का मानना है कि महुआ शराब स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक है। महुआ को गलाने के लिए यूरिया का भी इस्तेमाल किया जाता है। मिथाइल, एलेट व अन्य पदार्थ स्वास्थ्य को काफी नुकसान पहुंचाते हैं। इसके साथ-साथ बिजली के करंट का भी इसमें इस्तेमाल कर जल्दी महुआ गलाया जाता है।
लोगों का सहयोग आवश्यक
कोटा क्षेत्र उपयोजना के तहत् है इसलिए कार्रवाई थोड़ी मुश्किल से हो पाती है। इस सामाजिक बुराई के खिलाफ लोगों का सहयोग आवश्यक है।
एल एल धु्रव
सहायक आबकारी आयुक्त
आदिवासी क्षेत्रों का उठाते हैं लाभ
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई है। इसके पहले भी इस क्षेत्र में प्रकरण बनाए गए हैं, उपयोजना का इस क्षेत्र के लोग फायदा उठाते हैं। कार्रवाई लगातार की जाएगी।
वैभव मित्तल
आबकारी उपनिरीक्षक प्रभारी
कोटा सर्किल
अनुमति ली जाती है
उपयोजना क्षेत्र में यदि कोई प्रकरण की सूचना आबकारी को मिलती है तो कार्रवाई के लिए अनुमति ली जाती है और फिर आबकारी को अनुमति दी जाती है। ताकि उपयोजना का लोग बेजा इस्तेमाल न करे।
नूतन कंवर
एसडीएम, बिलासपुर
आरोपी जब्त मात्रा
नवल कुमार साहू 6 लीटर
नोहर प्रसाद साहू 7 लीटर
अमित कुमार यादव 36 च 80 मिली
सुरित राम यादव 36 च 80 मिली


