Top
Begin typing your search above and press return to search.

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने 'गोदावरी पुष्करम' के लिए घाटों के विस्तार के आदेश दिए

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को अगले साल होने वाले 'गोदावरी पुष्करम' के लिए प्रमुख मंदिरों और पर्यटन स्थलों पर घाटों के विस्तार के लिए उपाय करने का निर्देश दिया

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने गोदावरी पुष्करम के लिए घाटों के विस्तार के आदेश दिए
X

हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को अधिकारियों को अगले साल होने वाले 'गोदावरी पुष्करम' के लिए प्रमुख मंदिरों और पर्यटन स्थलों पर घाटों के विस्तार के लिए उपाय करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बसारा से भद्राचलम तक फैले गोदावरी नदी बेसिन में स्थित प्रमुख मंदिरों और पुष्कर घाटों के विकास की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में गोदावरी पुष्करम के समय पर जून 2027 तक पूरे किए जाने वाले विशिष्ट कार्यों पर चर्चा केंद्रित थी।

अधिकारियों ने पुष्करम की तैयारियों के लिए तैयार किए गए कार्यों की योजना को पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई सुझाव दिए।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को पुष्करम के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने करने के लिए तकनीकी इंजीनियरों की एक समिति गठित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने इस समिति को स्थलीय दौरे करने और 15 से 20 दिनों के भीतर अधिकारियों की समिति को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों की समिति इंजीनियरों की समिति की रिपोर्ट की जांच करे और उसे व्यापक लागत अनुमानों के साथ कैबिनेट उप-समिति को भेजे।

उन्होंने आगे कहा कि कैबिनेट उप-समिति द्वारा अनुमोदन के बाद पूर्ण कैबिनेट इन योजनाओं पर रिपोर्ट के संबंध में अंतिम निर्णय लेगी।

मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि योजनाओं को इस प्रकार संरचित किया जाना चाहिए जिससे स्थायी और अस्थायी दोनों प्रकार के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा सके।

विभिन्न सरकारी विभागों के बीच समन्वय की कमी को रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रजा भवन में एक समर्पित 'वॉर रूम' स्थापित करने का आदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने यह भी सुझाव दिया कि सड़क अवसंरचना और विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क संबंधी कोई समस्या न उत्पन्न हो, इसके लिए कदम उठाए जाएं।

बैठक के दौरान, अधिकारियों ने बसारा स्थित श्री ज्ञान सरस्वती मंदिर के विकास और विस्तार का मास्टर प्लान मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने मास्टर प्लान के संबंध में अधिकारियों को कई सुझाव दिए।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it