Top
Begin typing your search above and press return to search.

तेलंगाना : खम्मम में धोखाधड़ी में मदद करने वालों पर साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने खम्मम जिले में साइबर धोखाधड़ी को बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने साइबर ठगी के लेनदेन को सुविधाजनक बनाने के लिए 10 म्यूल (फर्जी उपयोग वाले) बैंक खाते उपलब्ध कराए थे।

तेलंगाना : खम्मम में धोखाधड़ी में मदद करने वालों पर साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
X

हैदराबाद। तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने खम्मम जिले में साइबर धोखाधड़ी को बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने साइबर ठगी के लेनदेन को सुविधाजनक बनाने के लिए 10 म्यूल (फर्जी उपयोग वाले) बैंक खाते उपलब्ध कराए थे।

तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने शुक्रवार को बताया कि खम्मम यूनिट की कानून-व्यवस्था पुलिस के सहयोग से 2 और 3 सितंबर को जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं, एटीएम केंद्रों और संदिग्ध ठिकानों पर एक विशेष संयुक्त अभियान चलाया गया।

म्यूल खातों के खिलाफ अभियान के तहत खम्मम जिले के आठ पुलिस थानों में कुल 25 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

इससे पहले खम्मम जिले में दो मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें कुछ लोगों ने अपने बैंक खाते और बैंकिंग विवरण साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धन को प्राप्त करने और विभिन्न खातों में भेजकर उसका स्रोत छिपाने के लिए किया जाता था।

इन खातों का इस्तेमाल विदेशी, विशेष रूप से चीनी ऑपरेटरों द्वारा संचालित टेलीग्राम समूहों के माध्यम से अवैध ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े भुगतान और निकासी के लिए भी किया गया था।

बाद में इन मामलों की जांच तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो को सौंप दी गई, जिसके बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान खम्मम से जुड़े कई वित्तीय संबंध सामने आए, जिससे जिले में साइबर ठगी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन को बढ़ावा देने वाले एक संगठित नेटवर्क की मौजूदगी के संकेत मिले।

3 सितंबर को गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों की पहचान बडिसा मुरली कृष्णा और वडलामुडी साईनिवास के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि उन्होंने साइबर ठगी के लिए 10 म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। इन दो मामलों में इससे पहले 52 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने जांच के दौरान 30 बैंक शाखाओं में 121 म्यूल खाते, बड़ी राशि की एटीएम निकासी से जुड़े 273 खाते, 20 हजार रुपए से अधिक के चेक निकासी वाले 12 खाते और खम्मम क्षेत्र में 25 संदिग्ध स्थानों की पहचान की है।

ब्यूरो के अनुसार, इन खातों और स्थानों का संबंध तेलंगाना और देश के कई साइबर अपराध मामलों से पाया गया है। जांच में कुल 7.84 करोड़ रुपए के लेनदेन का पता चला, जिनमें से 6.23 करोड़ रुपए विवादित पाए गए।

यह विशेष अभियान 40 पुलिस अधिकारियों की 11 टीमों ने चलाया। यह कार्रवाई तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो द्वारा संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और आपस में जुड़े साइबर अपराधों के विस्तृत विश्लेषण के आधार पर की गई।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it