तेलंगाना : पुलिस ने भाजपा विधायक को दी बुलेटप्रूफ कार इस्तेमाल करने की सलाह
हैदराबाद पुलिस ने तेलंगाना विधानसभा के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य टी राजा सिंह को सलाह दी है कि वे दोपहिया वाहन पर न घूमें

हैदराबाद। हैदराबाद पुलिस ने तेलंगाना विधानसभा के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य टी राजा सिंह को सलाह दी है कि वे दोपहिया वाहन पर न घूमें। पुलिस ने कहा कि विधायक सरकार की तरफ से दी गई बुलेटप्रूफ कार से यात्रा करें। हैदराबाद के पुलिस आयुक्त अंजनी सिह ने राजा सिंह को एक पत्र लिखा है, जिसमें कहा है कि उन्हें उचित सुरक्षा प्रदान करना प्राथमिकता है।
28 अगस्त को लिखे गए पत्र में लिखा है, "यह सूचित किया जाता है कि आपकी जान को खतरा है, जिसके चलते आपकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, सुरक्षाकर्मी को एलर्ट कर दिया गया है, वह समय समय पर जांच करते रहेंगे। आपके पीएसओ को समय समय पर स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी।"
पुलिस प्रमुख ने लिखा कि कई अवसरों पर विधायक को मोटरसाइकिल पर घूमते देखा गया है।
उन्होंने लिखा, "यह आपके लिए एक गंभीर सुरक्षा खतरा बन गया है। इसलिए, उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपकी तरह के सहयोग का आग्रह किया जाता है। आप कृपया पूरी तरह से मोटरसाइकिल पर जाने से बचें और आवंटित बुलेटप्रूफ कार से यात्रा करें। सरकार ने यह कार केवल आपकी सुरक्षा के लिए प्रदान की है।"
विधायक राजा सिंह हमेशा अपने विवादास्पद बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं, जिसके चलते उन्हें कई अवसरों पर पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। सिंह हैदराबाद में गोशामहल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।


