बिजली स्कूल में शिक्षक दिवस
शासकीय प्राथमिक शाला पितईबन्द में शिक्षक दिवस मनाया गया। विद्यालय के बच्चों ने काफी उत्साह के साथ तैयारी करके सभी शिक्षकों को श्रीफल, पेन भेंटकर तिलक लगाकर सम्मानित किए

राजिम। शासकीय प्राथमिक शाला पितईबन्द में शिक्षक दिवस मनाया गया। विद्यालय के बच्चों ने काफी उत्साह के साथ तैयारी करके सभी शिक्षकों को श्रीफल, पेन भेंटकर तिलक लगाकर सम्मानित किए। इस अवसर पर प्रधान पाठक श्रीमती आशा धु्रव ने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला।
शिक्षक संतोष साहू ने कहा कि गुरु शिष्य के प्रति प्रेम भाव, शिक्षको के प्रति सम्मान का भाव सदैव बनी रहनी चाहिए। शिक्षक बच्चों के अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान रूपी प्रकाश फैलाता है। शिक्षक विजय महोबिया ने गुरु की महत्ता पर कविता प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में संतोष साहू, श्रीमती अराधना नाग, श्रीमती भारती साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कु खुशबू सेन, कु निशा सेन कक्षा 3री एवं आभार प्रदर्शन तेजेश देवांगन कक्षा 5वी ने किया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बिजली में शिक्षक दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के शिक्षकों द्वारा माँ सरस्वती एवं डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित एवं श्रीफल फोड़कर किया गया। तत्पश्चात शिक्षको का स्वागत गुलाल लगाकर किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा गुरु वंदना पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वही छात्र-छात्राओं द्वारा शिक्षको के लिए मोमबत्ती जलाओ प्रतियोगिता का कार्यक्रम रखा गया जिसमें प्रथम साथ पर पूरन लाल साहू व्याख्याता एवं द्वितीय स्थान पर गीतांजली नेताम व्याख्याता रही। दोनों विजेता प्रतिभागी को छात्र छात्राओं द्वारा पुरस्कार भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य दिनेश कुमार साहू ने कहा कि शिक्षक वह दीपक है जो हमारे अंदर ज्ञान की ज्योति आलोकित करता है। पूरन लाल साहू ने कहा कि डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्ण भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति, द्वितीय राष्ट्रपति, दार्शनिक एव शिक्षविद थे।
उन्होंने 40 वर्ष तक एक शिक्षक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहण किया। जिस प्रकार कुम्हार घड़ा बनाते समय कंकड़ रूपी बुराई को निकालकर एक सुडौल घड़े का निर्माण करता है ठीक उसी प्रकार शिक्षक विद्यार्थी के अज्ञान रूपी बुराई को दूर कर एक सभ्य नागरिक का निर्माण करते है।
कार्यक्रम के अंत मे छात्र-छात्राओं द्वारा समस्त शिक्षको को कलम एवं उपहार भेंटकर उनका सम्मान किया। इस मौके पर संस्था के प्राचार्य दिनेश कुमार साहू, पूरन लाल साहू, विनय कुमार साहू, रेखा सोनी, गीतांजली नेताम, संतोषी गिलहरे, शशि ठाकुर एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन 12वी की छात्रा टकेश्वरी यादव ने की।


