थलपति विजय की पत्नी संगीता ने वापस ली तलाक की याचिका, अपना केस आगे न बढ़ाने के कारण बताए
संगीता की ओर से पहले दायर की गई याचिका में पति पर गंभीर वैवाहिक आरोप लगाए गए थे। याचिका में दावा किया गया था कि विजय एक अभिनेत्री के साथ कथित रूप से एक्स्ट्रा-मैरिटल रिलेशनशिप में थे।

चेन्नई: अभिनेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की पत्नी संगीता ने शुक्रवार को चेंगलपट्टू की फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली। मामले की सुनवाई के दौरान संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत के सामने पेश हुईं। कोर्ट के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने याचिका दायर किए जाने के कई महीने बाद मामले को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया और अपनी याचिका वापस लेने की जानकारी अदालत को दी।इसके बाद अदालत ने मामले को ‘वापस ली गई’ याचिका के रूप में निपटा दिया। इस घटनाक्रम के साथ संगीता की ओर से दायर तलाक की कार्यवाही फिलहाल आगे नहीं बढ़ेगी।
याचिका में लगाए गए थे कई आरोप
संगीता की ओर से पहले दायर की गई याचिका में पति पर गंभीर वैवाहिक आरोप लगाए गए थे। याचिका में दावा किया गया था कि विजय एक अभिनेत्री के साथ कथित रूप से एक्स्ट्रा-मैरिटल रिलेशनशिप में थे। इसके अलावा संगीता ने मानसिक प्रताड़ना, उपेक्षा और परित्याग जैसे आरोप भी लगाए थे। याचिका में यह भी कहा गया था कि जरूरत पड़ने पर संबंधित अभिनेत्री को मामले में दूसरे प्रतिवादी के तौर पर शामिल किया जा सकता है। हालांकि, ये आरोप याचिका में लगाए गए दावे थे और अदालत ने इन आरोपों पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
'शादी पूरी तरह टूट चुकी है' का किया था दावा
तलाक याचिका में संगीता ने दावा किया था कि उनका वैवाहिक संबंध इस स्तर तक पहुंच चुका है कि उसे बचाना संभव नहीं रह गया है। याचिका के अनुसार, वर्ष 2021 के बाद से विजय कथित तौर पर भावनात्मक रूप से उनसे दूर हो गए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनके साथ कथित तौर पर खराब व्यवहार किया गया और उन्हें घर में ही अलग-थलग रहने की स्थिति का सामना करना पड़ा। याचिका में वैवाहिक रिश्ते में लंबे समय से चली आ रही दूरी और अलगाव का उल्लेख किया गया था। हालांकि, शुक्रवार को संगीता ने मामले को आगे बढ़ाने के बजाय अपनी याचिका वापस लेने का फैसला किया। अदालत ने उनकी वापसी की मांग स्वीकार करते हुए मामले का निपटारा कर दिया।
1998 में हुई थी विजय और संगीता की शादी
विजय और संगीता की शादी करीब तीन दशक पहले हुई थी। याचिका में दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी 10 जुलाई 1998 को ब्रिटेन में पंजीकृत हुई थी। इसके बाद 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह समारोह आयोजित किया गया था। विजय और संगीता लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में एक साथ नजर आते रहे हैं। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे एक बेटा जिसका नाम जेसन संजय है और एक बेटी जिसका नाम दिव्या साशा है। 27 साल बाद दोनों का रिश्ता खतरे में था लेकिन अब उनका तलाक नहीं होगा। विजय के फिल्मी करियर के साथ-साथ उनके राजनीतिक सफर के दौरान भी उनका परिवार चर्चा में रहा है।
तृषा कृष्णन से थी विजय के अफेयर की चर्चा
बता दें कि तमिलनाडु के सीएम विजय पिछले कुछ समय से तृषा कृष्णन के साथ लिंकअप की खबरों को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं। सीएम बनने से पहले अभिनेता और तृषा कृष्णन के बीच करीबियों को देखा गया था। तमिलनाडु चुनाव 2026 के दौरान तृषा उनके साथ खड़ी दिखीं। चुनाव जीतने के बाद भी तृषा उनके घर पहुंची थीं। वहीं, विजय के शपथ ग्रहण समारोह में भी उनकी फैमिली के साथ दिखी थीं, जिसके बाद लिंकअप की चर्चाओं और रफ्तार पकड़ ली थी। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को कुबूला नहीं बल्कि इसे वो दोस्ती का नाम ही देते हैं।
याचिका वापस लेने के बाद क्या बदलेगा?
फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका वापस लिए जाने का सीधा मतलब है कि इस मामले में दाखिल की गई मौजूदा कार्यवाही अब आगे नहीं चलेगी। अदालत ने शुक्रवार को याचिका को वापस ली गई मानकर रिकॉर्ड पर मामले का निपटारा कर दिया। हालांकि, याचिका वापस लेने के पीछे संगीता की ओर से बताए गए कारणों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। उन्होंने अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश होकर मामले को आगे न बढ़ाने का फैसला बताया।


