Top
Begin typing your search above and press return to search.

थलपति विजय का जन्मदिन: बाल कलाकार से सुपरस्टार और फिर मुख्यमंत्री तक, 27 महीनों में बदली सियासत की तस्वीर

जब विजय अपने करियर के सबसे सफल दौर में थे, तभी उन्होंने अभिनय से दूरी बनाकर राजनीति का रास्ता चुनने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अब उनका पूरा ध्यान सार्वजनिक जीवन और राजनीति पर रहेगा।

थलपति विजय का जन्मदिन: बाल कलाकार से सुपरस्टार और फिर मुख्यमंत्री तक, 27 महीनों में बदली सियासत की तस्वीर
X

चेन्‍न्‍ई : Thalapathy Vijay Birthday: तमिल सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। 22 जून का यह अवसर उनके लिए कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि यह पहला मौका है जब वह राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में अपना जन्मदिन मना रहे हैं। फिल्मों में तीन दशक से अधिक समय तक दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले विजय ने राजनीति में कदम रखते ही ऐसा प्रदर्शन किया कि तमिलनाडु की राजनीति के दशकों पुराने समीकरण बदल गए।

जोसेफ विजय चंद्रशेखर से ‘थलपति विजय’ बनने तक का सफर

22 जून 1974 को जन्मे विजय का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनका परिवार लंबे समय से फिल्म जगत से जुड़ा रहा है। उनके पिता एस. ए. चंद्रशेखर जाने-माने निर्देशक हैं, जबकि उनकी मां शोभा चंद्रशेखर प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर हैं। फिल्मी माहौल में पले-बढ़े विजय ने बहुत छोटी उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने कई फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में काम किया और धीरे-धीरे अभिनय की बारीकियां सीखीं। बाद में उन्होंने मुख्य अभिनेता के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाई और तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो गए।

बेटे का सपना था हीरो बनना

विजय के जीवन में एक समय ऐसा भी आया जब उनके पिता चाहते थे कि वह डॉक्टर बनें, लेकिन विजय का सपना फिल्मों का नायक बनने का था। परिवार के विरोध के बीच वह एक दिन घर में चिट्ठी छोड़कर निकल गए और लिखा कि उन्हें खोजने की कोशिश न की जाए। इस घटना से परिवार चिंतित हो गया। बाद में वह एक थिएटर में मिले और घर वापस लाए गए। आखिरकार पिता ने बेटे की जिद और प्रतिभा को स्वीकार किया और उन्हें फिल्मों में मौका दिया। हालांकि, शुरुआती दौर आसान नहीं रहा। पहली फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और विजय को अपने लुक और अभिनय को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे।

18 साल की उम्र में मिली पहली बड़ी जिम्मेदारी

विजय ने मुख्य अभिनेता के तौर पर अपनी पहली फिल्म ‘नालया थीरपू’ महज 18 वर्ष की उम्र में साइन की थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने करियर में उन्होंने 68 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें अधिकांश व्यावसायिक रूप से सफल रहीं। ‘राजविन परवैयिले’, ‘मिनसारा कन्ना’, ‘शाहजहां’, ‘बीस्ट’, ‘थेरी’, ‘कथ्थी’ और ‘मास्टर’ जैसी फिल्मों ने उन्हें सुपरस्टार के रूप में स्थापित किया। साल 2023 में रिलीज हुई ‘लियो’ ब्लॉकबस्टर साबित हुई, जबकि ‘GOAT’ यानी ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ भी चर्चा में रही। उनकी आगामी फिल्म ‘जन नायकन’ फिलहाल सेंसर संबंधी प्रक्रियाओं के कारण रिलीज का इंतजार कर रही है।

तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सबसे महंगे सितारों में रहे शामिल

सिनेमा में सक्रिय रहते हुए विजय इंडस्ट्री के सबसे अधिक फीस लेने वाले कलाकारों में गिने जाते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एक फिल्म के लिए 65 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक की फीस लेते थे। चेन्नई की ईस्ट कोस्ट रोड स्थित कैसुरीना ड्राइव इलाके में उनका आलीशान बंगला भी चर्चा का विषय रहा है। समुद्र के करीब स्थित यह घर बेहद शांत वातावरण में बना हुआ है और इसकी कीमत करीब 80 करोड़ रुपये बताई जाती है। विशाल परिसर में बने इस आवास को तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सबसे शानदार घरों में गिना जाता है।

करियर के शिखर पर छोड़ दी फिल्में

जब विजय अपने करियर के सबसे सफल दौर में थे, तभी उन्होंने अभिनय से दूरी बनाकर राजनीति का रास्ता चुनने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अब उनका पूरा ध्यान सार्वजनिक जीवन और राजनीति पर रहेगा। फरवरी 2024 में उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेट्ट्री कजगम’ (टीवीके) की घोषणा की। लोकसभा चुनावों से पहले सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी के गठन की जानकारी दी गई। शुरुआत से ही उनका लक्ष्य 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों पर केंद्रित था।

27 महीनों में बदली तमिलनाडु की राजनीति

राजनीति में आने से पहले विजय ने लंबे समय तक अपनी रणनीति तैयार की। 27 अक्टूबर 2024 को विल्लुपुरम जिले के विक्रवंडी में पार्टी की पहली आधिकारिक रैली आयोजित की गई। इसके बाद उन्होंने लगातार राज्यभर में संगठन को मजबूत किया। 2026 के विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की और तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया। इस जीत ने लगभग छह दशक पुराने राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया।

मुख्यमंत्री पद तक पहुंचा सफर

चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद विजय ने 10 मई 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। फिल्मी दुनिया से राजनीति तक का उनका सफर केवल 27 महीनों में मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच गया।

जन्मदिन पर चर्चा में संघर्ष और सफलता की कहानी

आज जब थलपति विजय अपना जन्मदिन मना रहे हैं, तो उनके प्रशंसकों के बीच सिर्फ फिल्मों की नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक सफर की भी चर्चा हो रही है। बाल कलाकार से सुपरस्टार और फिर मुख्यमंत्री बनने तक की उनकी कहानी संघर्ष, लोकप्रियता और लगातार बदलती महत्वाकांक्षाओं का उदाहरण मानी जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it