Top
Begin typing your search above and press return to search.

तमिलनाडु: विजय के समर्थक ने खुद को लगाई आग, सरकार गठन में देरी से भड़के टीवीके सपोर्टर

राज्यपाल ने अब तक विजय को सरकार बनाने का औपचारिक निमंत्रण नहीं दिया है, क्योंकि उनके पास जरूरी समर्थन संख्या पूरी नहीं मानी जा रही है। इसी बीच राज्य में राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है और विजय समर्थकों में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है।

तमिलनाडु: विजय के समर्थक ने खुद को लगाई आग, सरकार गठन में देरी से भड़के टीवीके सपोर्टर
X

चेन्‍नई। Tamil Nadu Government Formation: तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर जारी राजनीतिक अनिश्चितता अब भावनात्मक और सामाजिक तनाव में भी बदलती दिखाई दे रही है। टीवीके (TVK) प्रमुख और अभिनेता विजय ने शुक्रवार को तीसरी बार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन बहुमत का स्पष्ट आंकड़ा नहीं जुटा पाने के कारण मामला फिर टल गया। राज्यपाल ने अब तक विजय को सरकार बनाने का औपचारिक निमंत्रण नहीं दिया है, क्योंकि उनके पास जरूरी समर्थन संख्या पूरी नहीं मानी जा रही है। इसी बीच राज्य में राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है और विजय समर्थकों में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है।

समर्थक ने खुद को लगाई आग

सरकार गठन में हो रही देरी के बीच शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। विजय के एक समर्थक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। जानकारी के मुताबिक लगभग 40 वर्षीय इसक्कियप्पन नामक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इसक्कियप्पन विजय को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहता था और सरकार गठन में लगातार हो रही देरी से बेहद निराश और भावुक था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए।

पहले भी कर चुका है चरम समर्थन प्रदर्शन

बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इसक्कियप्पन ने विजय के समर्थन में ऐसा कदम उठाया हो। करीब चार महीने पहले भी उसने विजय के मुख्यमंत्री बनने की कामना करते हुए धार्मिक प्रतीक ‘वेल’ (भाला) को अपने चेहरे के आर-पार कर लिया था। उस समय भी उसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। अब एक बार फिर चरम कदम उठाए जाने के बाद राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने चिंता जताई है।

तमिलिसाई सौंदराराजन ने की शांति की अपील

घटना के बाद तमिलनाडु की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सौंदराराजन ने टीवीके प्रमुख विजय से अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करने को कहा है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जनता भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई है, लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में धैर्य बनाए रखना जरूरी है। तमिलिसाई ने कहा कि लोग चाहते हैं कि राज्य में एक स्थिर सरकार बने और इसी कारण सरकार गठन की प्रक्रिया को संवैधानिक नियमों के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान किया जा रहा है और सभी राजनीतिक दलों को संयम बनाए रखना चाहिए।

बहुमत के आंकड़े पर अब भी फंसा मामला

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार विजय ने राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपे हैं, लेकिन बहुमत के लिए आवश्यक संख्या पूरी नहीं हो पाई है। इसी वजह से शपथ ग्रहण समारोह भी टल गया। राज्यपाल कार्यालय का कहना है कि स्पष्ट बहुमत के बिना किसी भी दल को सरकार बनाने का न्योता नहीं दिया जा सकता। तमिलनाडु की राजनीति में इस समय लगातार जोड़-तोड़ और संभावित गठबंधनों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सभी दल अपने-अपने स्तर पर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।

VCK ने सरकार में हिस्सेदारी की खबरों को बताया गलत

सरकार गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच वीसीके (VCK) सांसद डी. रविकुमार ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उन खबरों को पूरी तरह गलत बताया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उनकी पार्टी सरकार में हिस्सेदारी या मंत्री पद की मांग कर रही है। रविकुमार ने मीडिया से अपील की कि ऐसी अपुष्ट खबरों को बढ़ावा न दिया जाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके अनुसार, वीसीके ने किसी भी तरह की पद या सत्ता साझेदारी की मांग नहीं की है। मीडिया को जिम्मेदारी के साथ खबरें पेश करनी चाहिए।

VCK प्रमुख से मिल सकते हैं विजय

सूत्रों के अनुसार, TVK के विजय आज VCK प्रमुख थिरुमावलवन से मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि थिरुमावलवन ने कल रात DMK प्रमुख एम.के. स्टालिन से मुलाकात की थी।

थलपति विजय के आवास के बाहर सुरक्षा की गई कम

TVK प्रमुख थलपति विजय के आवास के बाहर सुरक्षा कम कर दी गई है। इसका एक वीडियो में सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि विजय के घर के बाहर तीन-चार ही पुलिसकर्मी तैनात हैं।

राजनीतिक माहौल लगातार हो रहा गर्म

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर बना असमंजस अब राजनीतिक तनाव में बदलता जा रहा है। एक तरफ विजय समर्थक जल्द सरकार बनने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो राज्य में अस्थिरता और बढ़ सकती है। सोशल मीडिया पर भी समर्थकों के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it