तमिलनाडु में विधायकों को नई गाड़ियां और भत्ते, CM विजय के ऐलान पर सदन में गूंजा MGR का गीत
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद विधानसभा में TVK विधायक सिंधु ने खास अंदाज में उनका आभार जताया। उन्होंने तमिल सुपरस्टार और पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन (MGR) का लोकप्रिय गीत ‘कोडुत्तदेलाम कोडुत्तान’ गाकर मुख्यमंत्री विजय को धन्यवाद दिया। सदन में विधायक का यह अंदाज चर्चा का विषय बन गया।

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में विधायकों के लिए नई सुविधाओं की घोषणा की है। सरकार की ओर से सभी विधायकों को सरकारी वाहन उपलब्ध कराने के साथ उनके संचालन से जुड़े खर्चों के लिए मासिक भत्ता देने का ऐलान किया गया। इसके अलावा निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े आधिकारिक कामकाज के लिए सचिव रखने हेतु भी हर विधायक को अलग से राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं का उद्देश्य विधायकों को अपने क्षेत्रों में अधिक सक्रियता से काम करने और जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने में मदद करना है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद विधानसभा में TVK विधायक सिंधु ने खास अंदाज में उनका आभार जताया। उन्होंने तमिल सुपरस्टार और पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन (MGR) का लोकप्रिय गीत ‘कोडुत्तदेलाम कोडुत्तान’ गाकर मुख्यमंत्री विजय को धन्यवाद दिया। सदन में विधायक का यह अंदाज चर्चा का विषय बन गया।
विधायकों को सरकारी गाड़ी के साथ मिलेगा भत्ता
सरकार के मुताबिक प्रत्येक विधायक को सरकारी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा वाहन के ड्राइवर, ईंधन और रखरखाव से जुड़े खर्चों के लिए हर महीने 75 हजार रुपये का भत्ता दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि विधायकों को अपने निर्वाचन क्षेत्रों में नियमित रूप से यात्रा करनी पड़ती है। उन्हें जनता से मिलना, विकास कार्यों का निरीक्षण करना और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय करना होता है। ऐसे में सरकारी वाहन और उससे जुड़ी सुविधाएं मिलने से वे अपने दायित्वों को अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकेंगे।
सचिव रखने के लिए 25 हजार रुपये
विधायकों के लिए एक अन्य सुविधा की भी घोषणा की गई है। सरकार हर विधायक को 25 हजार रुपये प्रति माह का अनुदान देगी। इस राशि का इस्तेमाल निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े पत्राचार और अन्य आधिकारिक कामकाज में सहायता के लिए एक सचिव नियुक्त करने में किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि बेहतर लॉजिस्टिकल सहायता मिलने से जनप्रतिनिधि अपने काम पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। सरकार का दावा है कि इससे पारदर्शिता और बेहतर प्रशासन को बढ़ावा मिलेगा।
‘कई विधायक साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से’
सरकार ने बताया कि मौजूदा विधानसभा में कई सदस्य पहली बार निर्वाचित होकर पहुंचे हैं। इनमें कुछ विधायक आर्थिक रूप से साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों के पास बड़े स्तर पर निर्वाचन क्षेत्र में यात्रा करने और लगातार जनता के बीच रहने के लिए पर्याप्त वित्तीय या लॉजिस्टिकल संसाधन नहीं हो सकते। यह घोषणा VCK विधायक जोतिमणि के अनुरोध के बाद की गई। उन्होंने सदन में कहा था कि पर्याप्त लॉजिस्टिकल सहायता के अभाव में विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पाते। इसके बाद सरकार ने विधायकों के लिए वाहन और अन्य सुविधाएं देने का फैसला किया।
स्वास्थ्य बीमा का कवर 25 लाख रुपये
मुख्यमंत्री विजय ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये सालाना करने की घोषणा की गई। सरकार के अनुसार इससे गंभीर बीमारियों और महंगे इलाज की स्थिति में लाभार्थियों को अधिक आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।
ट्रांसजेंडर लोगों के लिए सात अस्पतालों में सुविधा
सरकार ने ट्रांसजेंडर लोगों के लिए सरकारी अस्पतालों में अतिरिक्त चिकित्सा और सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी घोषणा की है। इसके तहत चेन्नई के स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल समेत तिरुनेलवेली, तूतीकोरिन, चेंगलपट्टू, तिरुवरूर, धर्मपुरी और कन्याकुमारी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में उपचार की सुविधा दी जाएगी। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से ट्रांसजेंडर लोगों को चिकित्सा सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
आविन दूध की खरीद कीमत बढ़ी
मुख्यमंत्री ने राज्य की ‘आविन’ दूध खरीद कीमत में भी बढ़ोतरी की घोषणा की। सरकार अब दूध उत्पादकों से 38 रुपये प्रति लीटर के बजाय 41 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीदेगी। सरकार के मुताबिक इस फैसले से करीब 3.16 लाख दूध उत्पादकों को फायदा होगा। इससे राज्य सरकार पर हर साल लगभग 360 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ने का अनुमान है।


