Top
Begin typing your search above and press return to search.

विजय के CM बनते ही गदगद हुई फिल्म इंडस्ट्री, पीएम मोदी, कमल हासन, प्रकाश राज और समेत कई ने दी बधाई

विजय की पार्टी टीवीके (तमिलगा वेत्री कड़गम) ने लंबे राजनीतिक संघर्ष के बाद सत्ता तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि लगभग 60 वर्षों में पहली बार तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके से अलग किसी पार्टी की सरकार बनी है। इसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

विजय के CM बनते ही गदगद हुई फिल्म इंडस्ट्री, पीएम मोदी, कमल हासन, प्रकाश राज और समेत कई ने दी बधाई
X

चेन्‍नई: साउथ सुपरस्टार थलपति विजय ने तमिलनाडु की राजनीति में नई इबारत लिखते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। उनके मुख्यमंत्री बनने के साथ ही राज्यभर में जश्न का माहौल देखने को मिला। चेन्नई से लेकर तमिलनाडु के कई जिलों तक समर्थकों और फैंस ने खुशी मनाई। कई जगह लोगों की आंखें नम दिखीं और समर्थक भावुक होकर रोते नजर आए। विजय की पार्टी टीवीके (तमिलगा वेत्री कड़गम) ने लंबे राजनीतिक संघर्ष के बाद सत्ता तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि लगभग 60 वर्षों में पहली बार तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके से अलग किसी पार्टी की सरकार बनी है। इसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

चेन्नई में हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह

थलपति विजय का शपथ ग्रहण समारोह 10 मई को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस समारोह में राजनीतिक नेताओं, फिल्मी सितारों और हजारों समर्थकों की मौजूदगी ने माहौल को खास बना दिया। समारोह में विजय के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। मदर्स डे के मौके पर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेना उनके परिवार के लिए भी बेहद भावुक क्षण माना गया। मीडिया से बातचीत में विजय की मां ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की और इसे परिवार के लिए गर्व का पल बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी थलपति विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर श्री सी. जोसेफ विजय को हार्दिक बधाई। उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए साथ खड़ी रहेगी।” प्रधानमंत्री के इस संदेश को राजनीतिक और फिल्मी जगत दोनों में काफी अहम माना जा रहा है।


कमल हासन ने कहा- नई ऊंचाइयों तक पहुंचे टीवीके

तमिल सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने भी विजय को मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “तमिलनाडु विजय लीग के अध्यक्ष और तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री मेरे भाई थिरु विजय के नेतृत्व में राज्य अपार समृद्धि हासिल करे। उनकी पार्टी टीवीके नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं।” कमल हासन के इस संदेश को फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति के बीच बढ़ते संबंधों के रूप में भी देखा जा रहा है।

तृषा कृष्णन ने जाहिर की खुशी

अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुईं। समारोह के दौरान उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह इस खास पल को लेकर बेहद उत्साहित हैं। तृषा ने कहा, “बधाई हो, मैं बहुत खुश हूं।” शपथ ग्रहण समारोह के बाद वह विजय के परिवार से मिलकर उन्हें शुभकामनाएं देती भी नजर आईं। तृषा और विजय की जोड़ी साउथ फिल्म इंडस्ट्री में काफी लोकप्रिय रही है, इसलिए उनके बयान को सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा मिली।

आर माधवन और पूजा हेगड़े ने भी दी बधाई

अभिनेता आर माधवन ने सोशल मीडिया पर विजय के साथ तस्वीर साझा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “मेरे प्यारे भाई, आपको हार्दिक शुभकामनाएं। आपका मुख्यमंत्री कार्यकाल हमारे राज्य के लिए सबसे सफल और प्रभावशाली साबित हो। भगवान आपको ताकत दे कि आप जनता के लिए अच्छे काम कर सकें।” वहीं अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने भी विजय को बधाई देते हुए लिखा, “वाह, एक्टर विजय… बल्कि अब तो मुख्यमंत्री विजय सर।” पूजा हेगड़े विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायक’ में उनके साथ नजर आने वाली हैं। ऐसे में उनका संदेश भी काफी वायरल हुआ।

प्रकाश राज समेत कई सितारों ने जताई खुशी

अभिनेता प्रकाश राज ने भी विजय को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “मुख्यमंत्री विजय को मेरी बधाई। मैं कामना करता हूं कि आप अपनी नई जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाएंगे और तमिलनाडु आपके नेतृत्व में आगे बढ़ेगा।” इसके अलावा आरजे बालाजी, गीतकार विवेक और अभिनेता शांतनु भाग्यराज सहित कई फिल्मी हस्तियों ने विजय को बधाई दी।

फिल्मी करियर से राजनीति तक का सफर

थलपति विजय लंबे समय से तमिल सिनेमा के सबसे लोकप्रिय सितारों में गिने जाते रहे हैं। करोड़ों प्रशंसकों के बीच उनकी मजबूत पकड़ ने उन्हें राजनीति में भी तेजी से लोकप्रिय बनाया। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका फिल्मी करियर लगभग पीछे छूटता नजर आ रहा है। हालांकि फैंस को उन्हें आखिरी बार बड़े पर्दे पर देखने का मौका अभी मिल सकता है। उनकी फिल्म ‘जन नायक’ जल्द रिलीज हो सकती है, जो पिछले कुछ महीनों से सेंसर प्रक्रिया में अटकी हुई बताई जा रही है।

तमिलनाडु की राजनीति में नए दौर की शुरुआत

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की राजनीति में नए दौर की शुरुआत है। फिल्मी लोकप्रियता को राजनीतिक समर्थन में बदलने में सफलता हासिल कर उन्होंने राज्य की पारंपरिक राजनीति को बड़ी चुनौती दी है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि सिनेमा के सुपरस्टार के रूप में पहचान बनाने वाले विजय मुख्यमंत्री के तौर पर जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it