Top
Begin typing your search above and press return to search.

तमिलनाडु चुनाव के नतीजों से पहले टीवीके ने काउंटिंग सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा की मांग की

अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने 4 मई को होने वाली तमिलनाडु विधानसभा चुनाव मतगणना से पहले राज्यभर के काउंटिंग सेंटरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

तमिलनाडु चुनाव के नतीजों से पहले टीवीके ने काउंटिंग सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा की मांग की
X

चेन्नई। अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने 4 मई को होने वाली तमिलनाडु विधानसभा चुनाव मतगणना से पहले राज्यभर के काउंटिंग सेंटरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

शनिवार को टीवीके के महासचिव (चुनाव अभियान प्रबंधन) आधव अर्जुना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक से मुलाकात की और इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में आधव अर्जुना ने कहा कि पार्टी ने राज्य के सभी 62 मतगणना केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की मांग की है। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र के आसपास एक किलोमीटर का “स्टेराइल जोन” बनाने का सुझाव दिया गया है, ताकि अनधिकृत भीड़ को रोका जा सके और नियंत्रित माहौल सुनिश्चित हो।

टीवीके नेता ने हाल ही में श्रीरंगम स्थित पार्टी कार्यालय में कथित आगजनी की घटना को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं मतगणना प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशों का संकेत हो सकती हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि मतगणना के दिन पार्टी उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों को डराने-धमकाने की संभावित कोशिशों की सूचनाएं मिली हैं।

आधव अर्जुना ने कहा, “स्वतंत्र और निष्पक्ष मतगणना चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता का मूल आधार है। हमने अधिकारियों से आग्रह किया है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी व व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सक्रिय कदम उठाए जाएं।”

पार्टी ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश जारी करने, कड़ी निगरानी रखने और मतगणना से जुड़े सभी पक्षों- उम्मीदवारों, एजेंटों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की और कहा कि उठाई गई चिंताओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्यभर में शांतिपूर्ण और सुचारु मतगणना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it