तमिलनाडु चुनाव में अब तक 296 करोड़ की जब्ती
चुनाव आयोग की ओर से चुनाव संबंधी व्यय की निगरानी के लिए तैनात फ्लाइंग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम के अधिकारियों ने तमिलनाडु में अब तक 296.40 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, जेवर और अन्य सामान जब्त किया है

फ्लाइंग स्क्वॉड की कार्रवाई: नकदी, शराब और जेवर बरामद
- चुनाव आयोग ने तैनात किए 136 ऑब्जर्वर, निगरानी कड़ी
चेन्नई। चुनाव आयोग की ओर से चुनाव संबंधी व्यय की निगरानी के लिए तैनात फ्लाइंग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम के अधिकारियों ने तमिलनाडु में अब तक 296.40 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, जेवर और अन्य सामान जब्त किया है। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को 234 सदस्यीय 17वीं विधानसभा के लिए मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुश्री अर्चना पटनायक ने सोमवार को बताया कि चुनावों को पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से कराने के लिए चुनाव आयोग ने पूरे तमिलनाडु में 234 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 136 जनरल ऑब्जर्वर, 40 पुलिस ऑब्जर्वर और 151 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए हैं।
केंद्रीय पर्यवेक्षकों के संपर्क विवरण संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों के माध्यम से सार्वजनिक कर दिए गए हैं, ताकि आम नागरिक, राजनीतिक दल और उम्मीदवार सीधे चुनाव से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकें या उल्लंघनों की सूचना दे सकें।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राज्य भर में निगरानी और प्रवर्तन टीमों को सक्रिय रूप से तैनात कर अवैध प्रलोभनों-जैसे नकदी, शराब, नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर कड़ी नजर रख रहा है।
इन सख्त प्रवर्तन उपायों के परिणामस्वरूप तमिलनाडु में अब तक कुल 296.40 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त की गई है। जब्त की गई वस्तुओं में 61.98 करोड़ रुपये नकद, 1.17 करोड़ रुपये की शराब, 8.39 करोड़ रुपये कीमत की नशीले पदार्थ/ड्रग्स और 197.35 करोड़ रुपये मूल्य की कीमती धातुएं (सोना-चांदी आदि) जब्त किए गए हैं। जब्त किए गए अन्य सामान और फ्रीबीज की कीमत 27.51 करोड़ रुपये है।


