Top
Begin typing your search above and press return to search.

विमेंस एशिया कप: 7 गेंदों में 0 रन और 3 विकेट, दीप्ति की धमाकेदार गेंदबाजी, भारत ने थाईलैंड को 94 रन से रौंदा

भारत ने थाईलैंड के खिलाफ 94 रन से दमदार जीत दर्ज करते हुए विमेंस एशिया कप 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है

विमेंस एशिया कप: 7 गेंदों में 0 रन और 3 विकेट, दीप्ति की धमाकेदार गेंदबाजी, भारत ने थाईलैंड को 94 रन से रौंदा
X

दुबई। भारत ने थाईलैंड के खिलाफ 94 रन से दमदार जीत दर्ज करते हुए विमेंस एशिया कप 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। 159/9 का स्कोर बनाने के बाद 'विमेन इन ब्लू' ने विपक्षी खेमे को सिर्फ 65 रन पर ढेर कर दिया। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 7 गेंदों में बगैर कोई रन दिए 3 विकेट निकाले। इसी के साथ दीप्ति महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट (171) लेने वाली गेंदबाज बन गईं। इस मामले में उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग (170) को पीछे छोड़ दिया।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम दमदार शुरुआत के बावजूद 9 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने 18 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की। मंधाना 10 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद शेफाली ने प्रतिका रावल के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया था।

भारतीय टीम को 9वें ओवर की अंतिम गेंद पर प्रतिका (22) के रूप में दूसरा झटका लगा, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। 'विमेन इन ब्लू' ने 13वें और 17वें ओवर में दो-दो विकेट गंवाए। इस बीच 'प्लेयर ऑफ द मैच' शेफाली 36 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 64 रन बनाकर पवेलियन लौट चुकी थीं।

भारत ने 17.2 ओवरों तक 9 विकेट के नुकसान पर 137 रन ही जुटाए थे। यहां से क्रांति गौड़ (नाबाद 15) ने श्री चरणी (नाबाद 6) के साथ अंतिम विकेट के लिए 16 गेंदों में 22 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को किसी तरह चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने सिर्फ 29 रन पर अपने अंतिम सात विकेट गंवाए।

थाईलैंड की तरफ से सुलीपोर्न लाओमी ने 4 ओवरों में 26 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुनिदा चतुरोंगरात्तन ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, चानिदा सुथिरुआंग और थिपाचा पुत्थावोंग 1-1 विकेट हासिल कर सकीं।

इसके जवाब में थाईलैंड की टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन पर सिमट गई। इस टीम को पांचवीं गेद पर नट्टाकन चंतम (4) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। हालांकि, नन्नापत कोंचारोएनकाई ने मोर्चा संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर पर उनका किसी ने साथ नहीं दिया। टीम ने कोंचारोएनकाई के रूप में अपना अंतिम विकेट गंवाया, जो 48 गेंदों में 5 चौकों के साथ 41 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उनके अलावा, इस पारी में कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं।

भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने 1.1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें बगैर कोई रन दिए 3 विकेट झटके। इनके अलावा, नंदिनी ने 18 रन देकर इतने ही विकेट चटकाए। श्री चरणी को 2 विकेट हाथ लगे, जबकि क्रांति गौड़ ने 1 विकेट अपने नाम किया।

'ग्रुप-ए' में मौजूद भारतीय टीम 3 सितंबर को अपने अगले मैच में हांगकांग का सामना करेगी, जिसके बाद 5 सितंबर को उसकी भिड़ंत पाकिस्तान से होगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it