Top
Begin typing your search above and press return to search.

भारत की जीत पर देश में जश्न का माहौल, लोगों ने टीम इंडिया को दी बधाई

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि सुपर 8 में भी अपनी जगह पक्की कर ली

भारत की जीत पर देश में जश्न का माहौल, लोगों ने टीम इंडिया को दी बधाई
X

नई दिल्ली। आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि सुपर 8 में भी अपनी जगह पक्की कर ली। इस रोमांचक मुकाबले के बाद देशभर में जश्न का माहौल देखने को मिला।

उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, और मध्य प्रदेश तक क्रिकेट प्रेमियों ने सड़कों पर उतरकर खुशी का इजहार किया।

कानपुर में मैच खत्म होते ही फैंस ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। एक उत्साहित प्रशंसक ने कहा, “इंडिया ने आज मैच जीत लिया। टीम इंडिया की बैटिंग बहुत अच्छी थी। यह कोई आसान पारी नहीं थी, लेकिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।” लोगों ने तिरंगा लहराते हुए टीम की जीत पर गर्व जताया।

सिलीगुड़ी में भी भारत की जीत के बाद जश्न का माहौल बन गया। क्रिकेट प्रेमियों ने सड़कों पर निकलकर भारतीय झंडे लहराए, ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई, और एक-दूसरे को बधाई दी। पूरे शहर में जीत का उत्साह साफ नजर आया।

नोएडा में फैंस ने टीम इंडिया के प्रदर्शन की सराहना की। एक प्रशंसक ने कहा, “हम बहुत खुश हैं। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की।” वहीं, एक अन्य फैन ने कहा, “भारत का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। पाकिस्तान को हराने के बाद अलग ही मजा आता है। पूरी दुनिया में भारत के लिए तालियां बज रही हैं और हम सब गर्व महसूस कर रहे हैं।”

जम्मू में भी जीत का जश्न देखने को मिला। एक फैन ने कहा, “भोलेनाथ का आशीर्वाद हमारे साथ है। आज उनका त्योहार भी है और सुबह से ही खुशी का माहौल था। अब भारत ने पाकिस्तान को हराकर जश्न की एक और वजह दे दी है। टीम इंडिया ने अपना रिकॉर्ड कायम रखा है।”

मुरादाबाद में लोगों ने पटाखे फोड़कर और नारे लगाकर जीत का जश्न मनाया। वहीं, इंदौर में भी क्रिकेट प्रेमियों ने सड़कों पर उतरकर टीम को बधाई दी। एक प्रशंसक ने कहा, “भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को हराया है। देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”

भारत की इस जीत ने न सिर्फ टूर्नामेंट में उसकी स्थिति मजबूत की है, बल्कि करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के चेहरों पर खुशी भी ला दी है। सुपर 8 में प्रवेश के साथ टीम इंडिया ने खिताब की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it