विनेश फोगाट और बृजभूषण शरण के बीच फिर बढ़ी तल्खी, सोशल मीडिया पर शायरी बनी चर्चा का केंद्र
पहलवान और हरियाणा की विधायक विनेश फोगाट और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार मामला गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता से जुड़ा है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।

नई दिल्ली: Vinesh phogat Vs Brij Bhushan Sharan Singh: पहलवान और हरियाणा की विधायक विनेश फोगाट और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार मामला गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता से जुड़ा है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। प्रतियोगिता को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था, लेकिन अब दोनों पक्षों की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए इशारों और शेरो-शायरी ने इसे और ज्यादा चर्चा में ला दिया है। खेल जगत के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ज़िंदगी फँसी हैं किसी मँझधार में
— Vinesh Phogat (@Phogat_Vinesh) May 9, 2026
ज़माना ढूँढता हैं खामी मेरे किरदार में..
ज़िंदगी तेरा सर सदा बुलंद रखा हैं
झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में.!!!
विनेश फोगाट की भावुक पोस्ट ने खींचा ध्यान
विवाद के बीच विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “जिंदगी फंसी है किसी मझधार में, जमाना ढूंढ़ता है खामी मेरे किरदार में... जिंदगी तेरा सर सदा बुलंद रखा है, झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में...!”
विनेश की इस पोस्ट को उनके समर्थक संघर्ष, आत्मसम्मान और दबाव के बीच मजबूती के संदेश के रूप में देख रहे हैं। माना जा रहा है कि यह पोस्ट गोंडा में आयोजित प्रतियोगिता और उससे जुड़े हालिया विवादों की ओर इशारा करती है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे विनेश के मन की पीड़ा और मौजूदा हालात पर प्रतिक्रिया बताया।
*“शोहरत की बुलंदी भी
— BrijBhushan Sharan Singh (@b_bhushansharan) May 10, 2026
पल भर का तमाशा है
जिस शाख़ (डाल) पे बैठे हो
वो टूट भी सकती है”*
बृजभूषण शरण सिंह ने भी शेर से दिया जवाब
विनेश की पोस्ट के कुछ घंटों बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी सोशल मीडिया पर एक शेर साझा किया। उन्होंने लिखा, “शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है, जिस शाख पर बैठे हो, वह टूट भी सकती है।” हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स इसे विनेश की पोस्ट का जवाब मान रहे हैं। दोनों नेताओं और समर्थकों के बीच इसको लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। कई लोगों का मानना है कि बिना सीधे नाम लिए दोनों ने एक-दूसरे पर निशाना साधा है। यही वजह है कि यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है।
नंदिनी नगर प्रतियोगिता बनी विवाद की वजह
पूरे विवाद की जड़ 10 से 12 मई तक गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता को माना जा रहा है। हाल ही में विनेश फोगाट ने इस आयोजन स्थल को लेकर असहजता जाहिर की थी। इसके बाद बृजभूषण शरण सिंह ने सफाई देते हुए कहा था कि इस प्रतियोगिता से उनका कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन भारतीय कुश्ती संघ द्वारा कराया जा रहा है और वह इसमें हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मामला फिर गर्मा गया।
विनेश को लेकर बोले कुश्ती संघ अध्यक्ष संजय सिंह
भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह ने भी इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि विनेश फोगाट ने अनुशासनहीनता से जुड़े नोटिस का समय पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तो उन पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विनेश हर मुद्दे पर आरोप लगाने की आदी हो गई हैं। संजय सिंह के अनुसार, संघ ने उन्हें प्रतियोगिता में सुरक्षित लाने, मुकाबला कराने और वापस भेजने तक की पूरी जिम्मेदारी लेने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतियोगिता में देशभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंचे हैं और हरियाणा की महिला पहलवानों की भागीदारी सबसे ज्यादा है।
2023 के आंदोलन से कुश्ती को नुकसान: संजय सिंह
संजय सिंह ने 2023 में हुए पहलवान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस आंदोलन से भारतीय कुश्ती को काफी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में भारत को चार पदक मिलने की उम्मीद थी, लेकिन केवल एक पदक ही मिल सका। आंदोलन का असर खिलाड़ियों की तैयारी पर भी पड़ा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और भारतीय महिला पहलवानों ने फिर से देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि 2028 ओलंपिक की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है और भारत को चार से पांच पदक मिलने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया विवाद पर क्या बोले संजय सिंह
जब संजय सिंह से विनेश और बृजभूषण के बीच सोशल मीडिया पर चल रही शायरी और पोस्ट को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सीधी टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि यह दोनों का व्यक्तिगत मामला है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “बृजभूषण शायरी के बादशाह हैं। जवाब देने में पूर्वांचल में उनका मुकाबला नहीं है।”
प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ी शामिल
कुश्ती संघ अध्यक्ष ने नंदिनी नगर स्टेडियम की सुविधाओं की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि देशभर के 28 राज्यों से खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। फ्री स्टाइल कुश्ती में लगभग 600 पहलवान भाग ले रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या हरियाणा के खिलाड़ियों की है। उन्होंने कहा कि रैंकिंग सीरीज का मकसद नए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देना है। अब इस पूरे विवाद पर खेल जगत और राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है। सोशल मीडिया पर जारी बयानबाजी के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में मामला किस दिशा में आगे बढ़ता है।


