Top
Begin typing your search above and press return to search.

रणजी ट्रॉफी: तुषार देशपांडे की 'हैट्रिक', मुंबई ने चंडीगढ़ को 'फॉलोऑन' खेलने पर मजबूर किया

मुंबई ने तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे के दम पर चंडीगढ़ को 'फॉलोऑन' खेलने पर मजबूर कर दिया है। मुंबई ने अपनी पहली पारी में 429 रन बनाए, जिसके जवाब में चंडीगढ़ सिर्फ 78 रन पर ढेर हो गई। दूसरे दिन की समाप्ति तक चंडीगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में पहला विकेट भी गंवा दिया है।

रणजी ट्रॉफी: तुषार देशपांडे की हैट्रिक, मुंबई ने चंडीगढ़ को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया
X

मुंबई। मुंबई ने तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे के दम पर चंडीगढ़ को 'फॉलोऑन' खेलने पर मजबूर कर दिया है। मुंबई ने अपनी पहली पारी में 429 रन बनाए, जिसके जवाब में चंडीगढ़ सिर्फ 78 रन पर ढेर हो गई। दूसरे दिन की समाप्ति तक चंडीगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में पहला विकेट भी गंवा दिया है।

वानखेड़े स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने पहली पारी में 429 रन बनाए। इस टीम ने महज 1 रन पर यशस्वी जायसवाल (0) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद मुशीर खान ने आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन जोड़कर टीम को संभाला।

म्हात्रे 8 बाउंड्री के साथ 48 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद मुशीर ने कप्तान सिद्धेश लाड के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़कर टीम को 142 रन तक पहुंचा दिया। मुशीर 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 4 चौके आए, जबकि कप्तान सिद्धेश ने 86 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

इनके अलावा, तनुष कोटियान ने 58 रन, जबकि मोहित अवस्थी ने 56 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से रोहित और राज बावा ने 4-4 विकेट चटकाए, जबकि जगजीत सिंह और निशंक बिरला ने 1-1 विकेट चटकाया।

इसके जवाब में चंडीगढ़ सिर्फ 19.1 ओवरों का सामना कर सकी। यह टीम 78 रन पर सिमट गई। अर्सलान खान ने अर्जुन आजाद के साथ पहले विकेट के लिए 16 रन जोड़े। खान टीम के खाते में सिर्फ 2 रन जुटा सके।

11वें ओवर की तीसरी गेंद पर अर्जुन आजाद (20) के रूप में टीम को दूसरा झटका लगा। अगली गेंद पर तुषार देशपांडे ने शिवम भाम्बरी (0) को बोल्ड कर दिया। दिपेंदर कुश (0) पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन अपनी पहली ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल को कैच थमा बैठे। इसी के साथ देशपांडे ने हैट्रिक पूरी की। 25 के स्कोर पर ही टीम को कप्तान मनन वोहरा (2) के रूप में पांचवां झटका भी लग गया।

इस पारी में अर्जुन आजाद (20) के अलावा, सिर्फ निशंक बिरला (33) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। मुंबई के लिए तुषार देशपांडे ने 7 ओवरों में सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट निकाले, जबकि मोहित अवस्थी को 3 विकेट हाथ लगे। शेष 2 विकेट सिल्वेस्टर डिसूजा ने हासिल किए।

मुंबई के पास 351 रन की बढ़त थी। ऐसे में चंडीगढ़ को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरे दिन की समाप्ति तक चंडीगढ़ ने इकलौता ओवर खेला, जिसकी तीसरी गेंद पर विष्णु कश्यप को तुषार देशपांडे ने आउट किया। अब तक टीम दूसरी पारी में अपना खाता नहीं खोल सकी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it