Top
Begin typing your search above and press return to search.

बाराबती स्टेडियम में ओडिशा टी20 लीग की शुरुआत, सुरेश रैना बोले- ये अपने हुनर ​​को दिखाने का बेहतरीन मौका है

ओडिशा टी20 लीग 2026 की शुरुआत कटक के मशहूर बाराबती स्टेडियम में हुई। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

बाराबती स्टेडियम में ओडिशा टी20 लीग की शुरुआत, सुरेश रैना बोले- ये अपने हुनर ​​को दिखाने का बेहतरीन मौका है
X

कटक। ओडिशा टी20 लीग 2026 की शुरुआत रविवार को कटक के मशहूर बाराबती स्टेडियम में हुई। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

उद्धाटन समारोह में फैंस को क्रिकेट, मनोरंजन और लीग के ब्रांड एंबेसडर और भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती की प्रेरणादायक बातें सुनने को मिलीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारत के इन दोनों पूर्व खिलाड़ियों और सभी छह टीमों के मालिकों को सम्मानित किया।

रैना ब्रांड एंबेसडर के तौर पर इस टूर्नामेंट से जुड़े हैं। उन्होंने लीग में हिस्सा ले रहे युवा क्रिकेटर्स को इस मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा, "मैं इतने शानदार आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी की मेहनत की तारीफ करना चाहता हूं और उन्हें बधाई देता हूं। सभी खिलाड़ियों के लिए मेरा संदेश सरल है: जमकर खेलें, ईमानदारी से खेलें और सबसे जरूरी बात, खेल का लुत्फ उठाएं। आप सभी के लिए यह अपने हुनर ​​को दिखाने, अनुभव से सीखने और अपने खेल को आगे ले जाने का एक बेहतरीन मौका है।"

देबाशीष मोहंती ने भी इस पहल की तारीफ की और युवा खिलाड़ियों को मुकाबला करने और कीमती अनुभव हासिल करने के लिए एक मंच देने के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "ओडिशा टी20 लीग युवा क्रिकेटरों के लिए अपने हुनर ​​को दिखाने और प्रोफेशनल माहौल में मुकाबला करने का एक शानदार मौका है। इस तरह का टूर्नामेंट खिलाड़ियों को वह आत्मविश्वास और अनुभव दे सकता है, जिसकी उन्हें अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए जरूरत होती है। मुझे खुशी है कि मैं इस लीग से जुड़ा हूं और मैं सभी टीमों और खिलाड़ियों को इस सीजन के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"

इस मौके पर ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) के सचिव संजय बेहरा ने कहा कि इन दो क्रिकेटर्स की मौजूदगी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।

बेहरा ने कहा, "सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती का ओडिशा टी20 लीग से जुड़ना हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। दोनों ने सबसे ऊंचे स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है और भारतीय क्रिकेट में अहम योगदान दिया है। उनका अनुभव और मौजूदगी हमारे युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी और उन्हें ऐसे लोगों से सीखने का मौका देगी जिन्होंने सबसे ऊंचे स्तर पर क्रिकेट खेला है।"

ओपनिंग सेरेमनी में मनोरंजन का एक खास कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय ने स्टेज पर अपने डांस से दर्शकों का मन मोह लिया। टूर्नामेंट की शुरुआत के लिए बाराबती स्टेडियम में एकत्रित हुए दर्शकों का उत्साह उनकी मौजूदगी से और बढ़ गया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it