Top
Begin typing your search above and press return to search.

'उन्हें दोष देना ठीक नहीं', दिल्ली कैपिटल्स की हार के बावजूद गावस्कर ने मिलर का किया बचाव

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने दिल्ली कैपिटल्स की एक रन की रोमांचक हार के आखिरी पलों में डेविड मिलर के एक रन लेने से मना करने के फैसले का समर्थन किया

उन्हें दोष देना ठीक नहीं, दिल्ली कैपिटल्स की हार के बावजूद गावस्कर ने मिलर का किया बचाव
X

नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने दिल्ली कैपिटल्स की एक रन की रोमांचक हार के आखिरी पलों में डेविड मिलर के एक रन लेने से मना करने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी के खुद मैच खत्म करने के आत्मविश्वास की आलोचना नहीं की जानी चाहिए।

बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच हुआ मुकाबला आखिरी गेंद तक चला। मुकाबले के आखिरी ओवर में दो गेंदों पर दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 2 रनों की दरकार थी। डेविड मिलर ने ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेने से इनकार कर दिया था और कुलदीप यादव को वापस भेज दिया था। इसके बाद मैच की आखिरी गेंद पर मिलर बड़ा शॉट लगाने में नाकाम रहे और रन चुराने के प्रयास में कुलदीप यादव रनआउट भी हो गए। गुजरात टाइटंस इस मुकाबले को एक रन से जीतने में सफल रही।

मैच के उस पल के बारे में बात करते हुए गावस्कर ने माना कि शायद कोई दूसरा तरीका अपनाना ज्यादा समझदारी भरा होता, लेकिन उन्होंने मिलर की मौजूदा फॉर्म और इरादे पर भी जोर दिया। उन्होंने 'स्टार स्पोर्ट्स' से कहा, "हां, उन्हें खुद पर भरोसा था कि वे ही मैच जिताने में सफल रहेंगे। हालांकि, जिस तरह कुलदीप यादव ने पहली ही गेंद पर गेंद को हल्के से खेलकर एक रन लिया था, उसे देखते हुए शायद मिलर को स्ट्राइक कुलदीप को दे देनी चाहिए थी। उन्हें स्ट्राइक देनी चाहिए थी।"

गावस्कर ने आगे कहा, "यह सब मैच खत्म होने के बाद की बातें हैं। हालांकि, सच तो यह है कि जिस तरह से वे पिछले ओवर में और इस ओवर में भी बल्लेबाजी कर रहे थे, उन्हें पूरा भरोसा था कि वे ऐसा कर सकते हैं – बात बस इतनी सी है। इसी कारण आप उन्हें इसके लिए दोष नहीं दे सकते। उन्हें खुद पर भरोसा था कि वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए, क्योंकि प्रसिद्ध कृष्णा ने जो गेंद फेंकी थी वह सचमुच एक बेहतरीन बॉल थी।"

मिलर ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 20 गेंदों में 41 रनों की तूफानी पारी खेली और उन्होंने लगभग मैच का रुख पलट ही दिया था। केएल राहुल (92 रन) के आउट होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 45 रनों की जरूरत थी। मिलर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को मैच में बनाए रखा। आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के खिलाफ भी मिलर ने चौथी गेंद पर जोरदार सिक्स लगाते हुए दिल्ली कैपिटल्स के फैंस की उम्मीदों को जिंदा रखा था। हालांकि, पांचवीं बॉल पर एक रन नहीं लेने और आखिरी गेंद पर कुलदीप के रनआउट होने की वजह से दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हार झेलनी पड़ी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it