Top
Begin typing your search above and press return to search.

इटैलियन ओपन: चोटिल अनिसिमोवा हटीं, लकी लूजर गैब्रिएला मेन ड्रॉ में शामिल

बाईं कलाई में चोट के कारण अमांडा अनिसिमोवा ने इटैलियन ओपन से अपना नाम वापस ले लिया है

इटैलियन ओपन: चोटिल अनिसिमोवा हटीं, लकी लूजर गैब्रिएला मेन ड्रॉ में शामिल
X

रोम। बाईं कलाई में चोट के कारण अमांडा अनिसिमोवा ने इटैलियन ओपन से अपना नाम वापस ले लिया है। 'वर्ल्ड नंबर 6' खिलाड़ी का गुरुवार को दूसरे राउंड में येलेना ओस्टापेंको से मुकाबला होना था, लेकिन अनिसिमोवा के हटने के बाद, लकी लूजर एलेना गैब्रिएला रूसे को मेन ड्रॉ में शामिल कर लिया गया है।

24 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी ने इस सीजन की शुरुआत में हार्ड-कोर्ट स्विंग के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। मियामी ओपन के दौरान चोट लगने के बाद उन्होंने सबसे पहले मार्च में चार्ल्सटन ओपन से नाम वापस ले लिया था। बाद में कलाई की समस्या के कारण मैड्रिड ओपन से भी हटना पड़ा।

अनिसिमोवा आखिरी बार इंडियन वेल्स ओपन और मियामी ओपन में खेली थीं, जहां लगातार 2 टूर्नामेंट्स में राउंड ऑफ 16 तक पहुंचीं। मियामी के तुरंत बाद, अमेरिकी खिलाड़ी ने यह भी पुष्टि की है कि उन्होंने हेंड्रिक वलीसहाउर्स के साथ अपनी कोचिंग साझेदारी समाप्त कर दी है।

अनिसिमोवा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "पिछले साल हमने साथ मिलकर इतने खास पल और उपलब्धियां हासिल कीं, जिन्हें कभी नहीं भूलूंगी। हमने कुछ ट्रॉफियां और शानदार माइलस्टोन हासिल किए, लेकिन वे सभी हंसी-मजाक और पर्दे के पीछे के पल मेरे साथ हमेशा रहेंगे।"

मौजूदा डब्ल्यूटीए 'मोस्ट इम्प्रूव्ड प्लेयर' का इस सीजन में 11-6 का रिकॉर्ड है। वे जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टरफाइनल तक पहुंची थीं और अगले महीने दुबई में सेमीफाइनल में जगह बनाई, लेकिन उसके बाद से केवल छह टूर-स्तरीय मैच खेले हैं।

अनिसिमोवा भी अब रोम टूर्नामेंट से हटने वाले खिलाड़ियों की बढ़ती सूची में शामिल हो गई हैं। इससे पहले इस सप्ताह मार्टा कोस्त्युक ने दाएं कूल्हे में चोट के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था।

कोस्त्युक ने सोशल मीडिया पर लिखा, "अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दौर के बाद मैं रोम में खेलने को लेकर काफी उत्साहित थी, लेकिन कभी-कभी शरीर की अपनी योजनाएं होती हैं। पिछले कुछ दिनों से मैं कूल्हे की समस्या से जूझ रही हूं। मेरा टखना भी अभी 100 प्रतिशत फिट नहीं है, इसलिए इस समय खुद पर ज्यादा दबाव डालना समझदारी नहीं होगी। मैं इसी कारण इस साल वहां प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाऊंगी। मुझे टूर्नामेंट में न खेल पाने का दुख है, लेकिन अगले साल फिर मिलेंगे। अब रिकवरी करने और पेरिस के लिए तैयारी करने का समय है।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it