Top
Begin typing your search above and press return to search.

'टीम की जीत में योगदान देना अच्छा लगता है', 'प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड' जीतने के बाद बोलीं श्री चरणी

विमेंस एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से शिकस्त दी। टीम की इस जीत में गेंद से श्री चरणी ने अहम योगदान दिया। उन्होंने महज 7 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

टीम की जीत में योगदान देना अच्छा लगता है, प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के बाद बोलीं श्री चरणी
X

दुबई। विमेंस एशिया कप 2026 में शनिवार को भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से शिकस्त दी। टीम की इस जीत में गेंद से श्री चरणी ने अहम योगदान दिया। उन्होंने महज 7 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

श्री चरणी को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मैच के बाद चरणी ने कहा, "यह बहुत अच्छा है। टीम के लिए योगदान देना बहुत अच्छा लगता है। मैं बस अपनी ताकत और फील्डिंग के हिसाब से गेंदबाजी करना चाहती थी। मैं बस गेंद को ज्यादा स्पिन कराने की कोशिश करती हूं और इससे मदद मिलती है। मुझे लगता है कि यह हर दिन की तरह ही सामान्य दिन है। हालांकि यह खास होगा, लेकिन मुझे अपने देश के लिए और अधिक योगदान देने की जरूरत है। मैं अपना अच्छा काम जारी रखना चाहती हूं।"

श्री चरणी ने अपने 4 ओवर के स्पेल में पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने का काम किया। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक 14 रन बनाने वालीं शवाल जुल्फिकार को अपना पहला शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने गुल फिरोजा को चरणी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।

आयशा जफर को भारतीय स्पिन गेंदबाज ने 2 रनों के स्कोर पर चलता किया। चरणी को दूसरे छोर से प्रेमा रावत का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 4 ओवर में महज 9 रन देकर 3 विकेट निकाले। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 5 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इन तीनों की तिकड़ी के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने आसानी से सरेंडर कर दिया और पूरी टीम महज 55 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

भारतीय टीम ने 56 रनों के लक्ष्य को 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल किया। कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 और दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। हालांकि, स्मृति मंधाना (9 रन), शेफाली वर्मा (12 रन) और प्रतिका रावल (4 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं। भारतीय टीम ने 68 गेदें शेष रहते हुए लक्ष्य को हासिल किया। यह टी20 इंटरनेशनल में गेंदों के लिहाज से भारतीय टीम की चौथी सबसे बड़ी जीत है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it