IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी फिर घर ले जाएंगे चमचमाती कार? IPL में बल्ले से मचा रखा है तूफान
यदि वैभव सूर्यवंशी इस रेस में सीजन के अंत तक शीर्ष पर बने रहते हैं, तो उन्हें टाटा सिएरा कार और 10 लाख रुपये की प्राइज मनी से सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि उनके करियर में एक और बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकती है, खासकर इतनी कम उम्र में लगातार प्रदर्शन करने के कारण।

जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन लगातार सुर्खियों में है। महज 15 साल की उम्र में वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम के लिए मैच विनर साबित हो रहे हैं। उनकी ताबड़तोड़ पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन में कई अहम मुकाबले अपने नाम किए हैं और प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी है। टीम अब 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले में जीत दर्ज करती है तो उसका प्लेऑफ में स्थान लगभग तय माना जा रहा है।
शानदार आंकड़े, रिकॉर्ड तोड़ स्ट्राइक रेट
इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने अब तक 13 मैचों में 44.53 की औसत से 579 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 236.32 का रहा है, जो मौजूदा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजों में उन्हें शीर्ष पर रखता है। उन्होंने अब तक 245 गेंदों का सामना किया है और इस दौरान 3 अर्धशतक और 1 शतक भी जड़ा है। उनकी बल्लेबाजी में सबसे खास बात यह है कि वह शुरुआती ओवरों से ही गेंदबाजों पर दबाव बना देते हैं। वैभव के नाम अब तक 53 छक्के और 50 चौके दर्ज हो चुके हैं, जो उनकी पावर-हिटिंग क्षमता को साफ दर्शाता है।
‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ की रेस में सबसे आगे
वैभव सूर्यवंशी इस समय IPL के प्रतिष्ठित ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ अवॉर्ड की रेस में सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। इस अवॉर्ड के लिए उन खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है जिन्होंने कम से कम 7 मैच खेले हों और 100 गेंदों का सामना किया हो। विजेता का चयन स्ट्राइक रेट के आधार पर किया जाता है। इस रेस में वैभव कई बड़े नामों से आगे चल रहे हैं, जिनमें फिन एलन, प्रियांश आर्य, अभिषेक शर्मा और उर्विल पटेल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
इनाम में मिल सकती है कार और लाखों की प्राइज मनी
यदि वैभव सूर्यवंशी इस रेस में सीजन के अंत तक शीर्ष पर बने रहते हैं, तो उन्हें टाटा सिएरा कार और 10 लाख रुपये की प्राइज मनी से सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि उनके करियर में एक और बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकती है, खासकर इतनी कम उम्र में लगातार प्रदर्शन करने के कारण।
पिछले सीजन का भी चमकदार प्रदर्शन
वैभव ने IPL 2025 में भी यह अवॉर्ड अपने नाम किया था। उस समय उन्होंने 7 मैचों में 36 की औसत से 252 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 206.55 रहा था, जो उन खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा था जिन्होंने न्यूनतम मैचों की शर्त पूरी की थी। पिछले सीजन में उन्हें टाटा कर्व कार पुरस्कार के रूप में दी गई थी।
‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ के पिछले विजेता
IPL में यह अवॉर्ड पिछले कई वर्षों से उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जो सबसे तेज रन बनाने की क्षमता दिखाते हैं।
2018: सुनील नरेन (KKR) – 189.89
2019: आंद्रे रसेल (KKR) – 204.81
2020: कीरोन पोलार्ड (MI) – 191.42
2021: शिमरॉन हेटमायर (DC) – 168.05
2022: दिनेश कार्तिक (RCB) – 183.33
2023: ग्लेन मैक्सवेल (RCB) – 183.48
2024: जेक फ्रेजर-मैकगर्क (DC) – 234.04
2025: वैभव सूर्यवंशी (RR) – 206.५५
युवा स्टार पर टिकी हैं उम्मीदें
वैभव सूर्यवंशी का मौजूदा प्रदर्शन न सिर्फ राजस्थान रॉयल्स के लिए अहम है, बल्कि IPL के भविष्य के युवा सितारों की झलक भी देता है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को कई मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है। अगर वह इसी फॉर्म को जारी रखते हैं तो राजस्थान रॉयल्स खिताब की दौड़ में भी मजबूत दावेदार बन सकती है।


