Top
Begin typing your search above and press return to search.

IPL 2026: क्या इस बार बदलेगा पंजाब किंग्स का इतिहास? फाइनल से आगे बढ़कर खिताब जीतने का लक्ष्य

लगातार कई वर्षों तक प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए संघर्ष करने वाली पंजाब किंग्स ने 2025 सीजन में शानदार वापसी की और सीधे फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि, खिताब से ठीक पहले टीम का सपना टूट गया और उसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 6 रन से हार का सामना करना पड़ा।

IPL 2026: क्या इस बार बदलेगा पंजाब किंग्स का इतिहास? फाइनल से आगे बढ़कर खिताब जीतने का लक्ष्य
X

चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का नया सीजन शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और सभी टीमों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पिछले सीजन सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली टीमों में पंजाब किंग्स (PBKS) का नाम सबसे ऊपर रहा। लगातार कई वर्षों तक प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए संघर्ष करने वाली पंजाब किंग्स ने 2025 सीजन में शानदार वापसी की और सीधे फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि, खिताब से ठीक पहले टीम का सपना टूट गया और उसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 6 रन से हार का सामना करना पड़ा। अब टीम एक बार फिर नए जोश और मजबूत इरादों के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में नई उम्मीदें

पिछले सीजन पहली बार टीम की कप्तानी संभालने वाले श्रेयस अय्यर ने अपने नेतृत्व से सभी को प्रभावित किया। उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स ने न केवल फाइनल तक का सफर तय किया, बल्कि लीग स्टेज में टॉप पर भी रही। अय्यर ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 604 रन बनाए और टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। इस बार भी उनसे कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में बड़ी उम्मीदें हैं।

बल्लेबाजी बनी सबसे बड़ी ताकत


पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी ताकत उसकी बल्लेबाजी है, जिसने पिछले सीजन में विपक्षी टीमों को जमकर परेशान किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में 3140 रन बनाए थे, जो सबसे ज्यादा थे। खास बात यह रही कि टीम के पांच बल्लेबाजों ने 300 से ज्यादा रन बनाए, जिससे बल्लेबाजी में गहराई साफ नजर आई।

श्रेयस अय्यर – 604 रन
प्रभसिमरन सिंह – 549 रन
प्रियांश आर्या – 475 रन
नेहल वढेरा – 369 रन
शशांक सिंह – 350 रन

यह संतुलन इस सीजन भी टीम की सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकता है।

मध्यक्रम में ऑलराउंडर्स का दम

टीम का मध्यक्रम भी काफी मजबूत नजर आता है। शशांक सिंह के साथ मार्कस स्टोइनिस और अजमतुल्लाह ओमरजई जैसे ऑलराउंडर बल्लेबाजी में गहराई जोड़ते हैं। ये खिलाड़ी खासकर डेथ ओवर्स में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं और मैच का रुख पलट सकते हैं। स्टोइनिस का अनुभव और उनकी गेंदबाजी टीम के लिए अतिरिक्त फायदा साबित हो सकती है।

गेंदबाजी आक्रमण में संतुलन और धार

जहां बल्लेबाजी टीम की ताकत है, वहीं गेंदबाजी भी कमजोर नहीं है। लेफ्ट आर्म पेसर अर्शदीप सिंह टीम के मुख्य गेंदबाज हैं। उन्होंने पिछले सीजन 21 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। डेथ ओवर्स में उनकी यॉर्कर गेंदबाजी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। उनका साथ देने के लिए दक्षिण अफ्रीका के मार्को जेनसेन मौजूद हैं, जो अपनी ऊंचाई और उछाल से पावरप्ले में विकेट निकाल सकते हैं। लॉकी फर्ग्यूसन टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं, हालांकि शुरुआती मैचों में वह पारिवारिक कारणों से उपलब्ध नहीं होंगे। इसके बावजूद टीम के पास जेवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशस, विजय कुमार विशाक और यश ठाकुर जैसे विकल्प मौजूद हैं। स्पिन विभाग में अनुभवी युजवेंद्र चहल की मौजूदगी टीम को और मजबूत बनाती है।

पहले मुकाबले पर नजर

पंजाब किंग्स इस सीजन अपना पहला मैच 31 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुल्लांपुर के क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी। टीम चाहेगी कि वह पिछले सीजन की लय को बरकरार रखते हुए जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करे।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

पिछले सीजन की सफलता से पहले पंजाब किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था।

2025 से पहले लगातार 10 सीजन तक टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर होती रही।

2024 – 9वां स्थान
2023 – 8वां
2022 – 6वां
2021 – 6वां
2020 – 6वां
2019 – 6वां
2018 – 7वां
2017 – 5वां
2016 – 8वां
2015 – 8वां

इससे पहले 2014 में टीम फाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे कोलकाता नाइट राइडर्स से हार मिली थी। इस लंबी असफलता के बाद 2025 में फाइनल तक पहुंचना टीम के लिए बड़ा बदलाव साबित हुआ।

पंजाब किंग्स का स्क्वाड (IPL 2026)

श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, नेहल वढेरा, मार्को जेनसेन, हरप्रीत बराड़, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, अजमतुल्लाह ओमरजई, प्रियांश आर्या, पायला अविनाश, जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे, लॉकी फर्ग्यूसन, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, हरनूर सिंह, यश ठाकुर, विजय कुमार विशाक, विष्णु विनोद, बेन ड्वारशस, कूपर कोनोली, मिचेल ओवन, विशाल निषाद।

क्या इस बार मिलेगा पहला खिताब?


पंजाब किंग्स ने पिछले सीजन अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि वह किसी भी बड़ी टीम को चुनौती दे सकती है। अब टीम के सामने सबसे बड़ा लक्ष्य है- पहली बार IPL ट्रॉफी जीतना। मजबूत बल्लेबाजी, संतुलित गेंदबाजी और श्रेयस अय्यर की कप्तानी के साथ पंजाब किंग्स इस बार खिताब की प्रबल दावेदार नजर आ रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it