Top
Begin typing your search above and press return to search.

आईपीएल 2026: रहाणे-रघुवंशी की दमदार पारी, केकेआर ने एलएसजी के खिलाफ 4 विकेट खोकर बनाए 181 रन

ईडन गार्डन्स के मैदान पर आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से हो रही है

आईपीएल 2026: रहाणे-रघुवंशी की दमदार पारी, केकेआर ने एलएसजी के खिलाफ 4 विकेट खोकर बनाए 181 रन
X

कोलकाता। ईडन गार्डन्स के मैदान पर आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 181 रन बनाए। टीम की ओर से अंगकृष रघुवंशी और अजिंक्य रहाणे ने शानदार पारी खेली।

मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले केकेआर को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को पहला झटका सिर्फ 15 रनों के स्कोर पर लगा। फिन एलन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 8 गेंदों का सामना करने के बाद 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 84 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

रहाणे अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 24 गेंदों में 170 के स्ट्राइक रेट से 41 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में रहाणे ने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं, 136 के स्ट्राइक रेट से 33 गेंदों में 45 रन बनाने के बाद अंगकृष मणिमरण सिद्धार्थ की गेंद पर एडेन मार्करम को कैच देकर पवेलियन लौटे। नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू सिंह बल्ले से छाप छोड़ने में नाकाम रहे और वह 4 रन बनाकर आवेश खान की बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।

12 रनों के भीतर 3 विकेट गंवाने के बाद केकेआर की लड़खड़ाती हुई पारी को कैमरून ग्रीन और रोवमैन पॉवेल ने संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 40 गेंदों में 70 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। पॉवेल 24 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रहे तो ग्रीन 24 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में एलएसजी की ओर से प्रिंस यादव, सिद्धार्थ, दिग्वेश और आवेश ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

ऋषभ पंत की अगवाई में लखनऊ सुपर जायंट्स इस मुकाबले में मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव के साथ मैदान पर उतरी है।

कोलकाता नाइट राइडर्स अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में फिन एलन, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी और कार्तिक त्यागी के साथ यह मुकाबला खेल रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it