Top
Begin typing your search above and press return to search.

एक दशक बाद ऑस्ट्रेलिया में भारतीय महिलाओं ने जीती टी20 सीरीज, बीसीसीआई सेक्रेटरी ने टीम को सराहा

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर 10 साल के बाद टी20 सीरीज जीती है। टीम इंडिया ने मेजबान देश के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज की

एक दशक बाद ऑस्ट्रेलिया में भारतीय महिलाओं ने जीती टी20 सीरीज, बीसीसीआई सेक्रेटरी ने टीम को सराहा
X

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर 10 साल के बाद टी20 सीरीज जीती है। टीम इंडिया ने मेजबान देश के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज की। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया को हराने पर भारतीय महिला टीम को बधाई दी है।

शनिवार को एडिलेड ओवल में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 9 विकेट गंवाकर 159 रन ही बना सकी।

सैकिया ने टीम के जबरदस्त प्रदर्शन की तारीफ करते हुए खिलाड़ियों से आगामी सीरीज में भी अच्छा काम जारी रखने को कहा है। यह तीन मुकाबलों की सीरीज 24 फरवरी से 1 मार्च के बीच खेली जाएगी।

सैकिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से टी20 सीरीज जीतने के लिए भारतीय महिला टीम को बधाई। भारत ने अपने दृष्टिकोण में जबरदस्त प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया में मल्टी-फॉर्मेट सीरीज की शानदार शुरुआत की है। अब वनडे की बारी है। अच्छा काम करते रहो।"

भारत ने पहला टी20 मैच डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 21 रन से जीता था। इसके बाद उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों 19 रन से हार का सामना करना पड़ा।

शनिवार को खेले गए इस मैच में स्मृति मंधाना ने 55 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 82 रन की पारी खेली, जबकि जेमिमा रोड्रिगेज ने 59 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। उनकी इस पारी में 4 चौके शामिल रहे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एनाबेल सदरलैंड ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले।

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत से 17 रन दूर रह गई। इस टीम के लिए एश्ले गार्डनर ने 45 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 57 रन की पारी खेली, जबकि फोएबे लिचफील्ड ने 26 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 3-3 विकेट हासिल किए।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it