Top
Begin typing your search above and press return to search.

इंडियन ओपन: 45.26 सेकंड का पर्सनल बेस्ट, 400 मीटर दौड़ में राजेश रमेश का गोल्ड

तमिलनाडु के 27 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय क्वार्टर-माइलर राजेश रमेश ने शनिवार को तिरुवनंतपुरम में आयोजित सीजन के पहले मुकाबले में अपना दबदबा बनाया

इंडियन ओपन: 45.26 सेकंड का पर्सनल बेस्ट, 400 मीटर दौड़ में राजेश रमेश का गोल्ड
X

तिरुवनंतपुरम। तमिलनाडु के 27 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय क्वार्टर-माइलर राजेश रमेश ने शनिवार को तिरुवनंतपुरम में आयोजित सीजन के पहले मुकाबले में अपना दबदबा बनाया। उन्होंने 400 मीटर की दौड़ में अपना पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

केरल में आयोजित सातवीं इंडियन ओपन 400 मीटर प्रतियोगिता 2026 में पुरुषों की 'रेस ए' में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान रमेश ने 45.26 सेकंड का समय दर्ज किया। यह समय उनके 2024 में बनाए गए व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 45.54 सेकंड के रिकॉर्ड से भी बेहतर था। 2024 पेरिस ओलंपिक खेलों के बाद लगातार चोटों के कारण रमेश खेल से बाहर हो गए थे, लेकिन उन्होंने 2025 में शानदार वापसी करते हुए 45.75 सेकंड में रेस पूरी की थी, जो उस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।

एनसीओई तिरुवनंतपुरम का प्रतिनिधित्व कर रहे मनु टीएस ने 'रेस ए' में 45.96 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय धावक अमोज जैकब ने 45.99 सेकंड के समय के साथ 'रेस सी' जीती और पुरुषों के वर्ग में कुल मिलाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुषों की अंतिम दौड़ को तीन समूहों—ए, बी और सी में विभाजित किया गया था। वहीं, महिलाओं की अंतिम दौड़ दो श्रेणियों—ए और बी में आयोजित की गई थी।

तमिलनाडु की विथ्या रामराज ने 53.31 सेकंड के समय के साथ महिलाओं की 400 मीटर दौड़ जीती। जेएसडब्ल्यू का प्रतिनिधित्व कर रहीं रशदीप कौर ने 53.62 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। विथ्या और रशदीप, दोनों ने ही 'ग्रुप ए' में क्रमशः पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया। कर्नाटक की विजय कुमारी जीके ने 53.55 सेकंड के समय के साथ 'रेस बी' जीती और उन्हें महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कुल मिलाकर तीसरा स्थान दिया गया। पुरुषों और महिलाओं, दोनों ही वर्गों में अंडर-20 और अंडर-18 समूहों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

ये हैं परिणाम

पुरुष: राजेश रमेश (तमिलनाडु) 45.26 सेकंड, मनु टीएस (एनसीओई, तिरुवनंतपुरम) 45.96 सेकंड, अमोज जैकब (दिल्ली) 45.99 सेकंड।

पुरुष: अंडर-20: 400 मीटर: पीयूष राज (बिहार) 47.11 सेकंड, साहिल मलिक (उत्तराखंड) 47.28 सेकंड, और एडविन मैथ्यू (केरल) 47.65 सेकंड।

पुरुष: अंडर-18: 400 मीटर: सैयद सबीर (कर्नाटक) 47.73 सेकंड, थानिश विजय गद्दाम (महाराष्ट्र) 48.17 सेकंड, हरिहरन आर (एनसीओई तिरुवनंतपुरम) 48.31 सेकंड।

महिला: 400 मीटर: विथ्या रामराज (तमिलनाडु) 53.31 सेकेंड, रशदीप कौर (जेएसडब्ल्यू) 53.62 सेकेंड, विजय कुमारी जीके (कर्नाटक) 53.55 सेकंड।

महिला: अंडर-20: 400 मीटर: रेशमा (उत्तर प्रदेश) 54.84 सेकंड, ईशा राजेश जादव (महाराष्ट्र) 55.46 सेकंड, धरणी ए (तमिलनाडु) 55.63 सेकंड।

महिला: अंडर-18: कशिश भगत (महाराष्ट्र) 56.46 सेकंड, नेथरा एम (तमिलनाडु) 59.54 सेकंड, चौधरी आशाबेन (गुजरात) 59.62 सेकंड।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it