वनडे सीरीज में इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी हरमनप्रीत की सेना, ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा रहा है भारी
टी20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेला जाएगा

नई दिल्ली। टी20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम मंगलवार को पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेला जाएगा।
भारतीय टीम ने आजतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं जीती है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम टी20 की तरह एकदिवसीय मैचों में भी शानदार प्रदर्शन करना चाहेगी। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 12 वनडे सीरीज खेली गई हैं और सभी में जीत ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में आई है।
50 ओवर के फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट का ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर 61 मुकाबलों में सामना हुआ है। इनमें से 49 मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है। वहीं, टीम इंडिया ने सिर्फ 12 मैच जीते हैं।
आखिरी बार भारतीय टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया के साथ वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में हुई थी, जहां हरमनप्रीत की सेना ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
टी20 सीरीज में बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वालीं स्मृति मंधाना से टीम इंडिया एकदिवसीय मैचों में भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स भी बल्ले से अहम योगदान देना चाहेंगी। जेमिमा को ऑस्ट्रेलिया का बॉलिंग अटैक खूब रास आता है।
वहीं, तेज गेंदबाजी की कमान रेणुका सिंह के हाथों में होगी और उनका साथ क्रांति गौड़ देती हुई नजर आएंगी। अमनजोत कौर बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगी।
दूसरी ओर, टी20 सीरीज गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया एकदिवसीय मुकाबलों में पलटवार करने को बेताब होगी। टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज एलिसा हीली की यह रिटायरमेंट से पहले करियर की आखिरी वनडे सीरीज होगी। ऐसे में हीली बल्ले से अहम योगदान देना चाहेंगी।
ऑस्ट्रेलिया की अगर वनडे क्रिकेट में हालिया फॉर्म की बात करें, तो टीम ने पिछले 5 मैचों में से सिर्फ एक में ही हार का सामना किया है, जबकि 4 मुकाबलों में टीम को जीत मिली है। दूसरी ओर, भारतीय टीम ने आखिरी तीनों ही एकदिवसीय मैचों में जीत दर्ज की है।


