Top
Begin typing your search above and press return to search.

'भविष्य में और भी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं,' एशियन गेम्स में छाए भारतीय खिलाड़ी, पीएम मोदी ने दी बधाई

आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल मेडल की संख्या 30 पहुंच गई। इनमें 4 गोल्ड, 12 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भविष्य में और भी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं, एशियन गेम्स में छाए भारतीय खिलाड़ी, पीएम मोदी ने दी बधाई
X

नई दिल्ली। आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में शनिवार को भारत के कुल मेडल की संख्या 30 पहुंच गई। इनमें 4 गोल्ड, 12 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शनिवार को ईरान के खिलाफ 37-34 से जीत हासिल करते हुए 'गोल्ड मेडल' अपने नाम किया।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "महिला कबड्डी टीम के लिए कितना रोमांचक फाइनल और शानदार गोल्ड है। हमारी खिलाड़ियों को बधाई। टीम ने अद्भुत साहस, संयम और टीमवर्क का प्रदर्शन किया है। भारत को अपने कबड्डी चैंपियंस पर गर्व है। भविष्य में और भी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं।"

महिला टीम के गोल्ड मेडल जीतने के कुछ घंटों बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने ईरान के खिलाफ फाइनल में 40-34 से जीत दर्ज की।

पीएम मोदी ने पुरुष टीम की तारीफ में लिखा, "एक बार फिर चैंपियन। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल बरकरार रखने पर हमारी पुरुष कबड्डी टीम को बधाई। उनके दृढ़ संकल्प ने देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता कई उभरते हुए खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी। पूरी टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"

भारत की तिलोत्तमा सेन, विदरसा विनोद कोचलुमकल और आशी चौकसे ने महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में कुल 1,763 प्वाइंट्स के साथ सिल्वर मेडल जीता।

इस तिकड़ी की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, "तिलोत्तमा सेन, विदरशा विनोद कोचालुमकल और आशी चौकसे ने बेहतरीन सटीकता का प्रदर्शन किया। एशियन गेम्स में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर उन्हें बधाई। वे भविष्य में और भी कई सफलताएं हासिल करें।"

वहीं, मानुष शाह और दीया चितले की जोड़ी ने वर्ल्ड नंबर-4 जोड़ी को हराकर जीता मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक अपने नाम किया। हालांकि, सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 जोड़ी वांग चुकिन और सुन यिंगशा के हाथों भारतीय जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों जोड़ियों को कांस्य पदक मिलता है। ऐसे मानुष-दीया ने एशियन गेम्स के इतिहास में भारत का टेबल टेनिस में चौथा पदक सुनिश्चित किया।

उनकी इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने कहा, "एशियन गेम्स में मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मानुष शाह और दीया चितले को बधाई। यह मेडल भारत में टेबल टेनिस की बढ़ती लोकप्रियता में एक और गर्व का पल जोड़ता है। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं। उनका दृढ़ संकल्प कई युवा खिलाड़ियों को इस खेल को अपनाने और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।"

तेजिंदरपाल सिंह तूर ने पुरुषों के शॉट पुट फाइनल में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर ने लगातार तीसरी बार एशियन गेम्स में मेडल जीता है।

उनकी इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने कहा, "तेजिंदरपाल सिंह तूर का शानदार प्रदर्शन। एशियन गेम्स में पुरुषों के शॉट पुट इवेंट में बेहतरीन थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीतने पर उन्हें बधाई। तेजिंदरपाल ने अपने ध्यान और लगन से लगातार देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स में एक और मेडल उनके शानदार सफर में एक और उपलब्धि है। उनके भविष्य के लिए और भी सफलताओं की कामना करता हूं।"

भारत की प्राची चौधरी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में 53.21 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। पीएम मोदी ने कहा, "एशियन गेम्स में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर प्राची चौधरी को बधाई। उनकी शानदार दौड़ ने भारत को पोडियम पर एक यादगार जगह दिलाई है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने शनिवार को नागोया में एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स का ब्रॉन्ज मेडल जीता।

तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी नागोया किंजो-फुटो एरीना में हुए सेमीफाइनल में हांगकांग-चीन के ली का यी और तांग मिंग होंग से 2-1 (11-10, 2-11, 11-10) से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन एशियन गेम्स के नियमों के मुताबिक, सेमीफाइनल में हारने वाले खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है।

भारतीय जोड़ी की उपलब्धि पर पीएम मोदी ने कहा, "एशियन गेम्स में स्क्वैश मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को बधाई। उनका कौशल और दृढ़ संकल्प असाधारण है। जोशना के लिए, यह लगातार एशियन गेम्स में हिस्सा लेने और 2010 के बाद से हर संस्करण में मेडल जीतने की उपलब्धि है। उनका लगातार अच्छा प्रदर्शन वाकई काबिल-ए-तारीफ है। दोनों खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it