Top
Begin typing your search above and press return to search.

एशियन गेम्स: हरिता भद्रा और एंसी सोजन को राष्ट्रपति ने दी बधाई, ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल जीतने पर की सराहना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में भारतीय एथलीट हरिता भद्रा और एंसी सोजन को मेडल जीतने पर बधाई दी है। रविवार को हरिता ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज और एंसी ने महिलाओं की लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीता।

एशियन गेम्स: हरिता भद्रा और एंसी सोजन को राष्ट्रपति ने दी बधाई, ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल जीतने पर की सराहना
X

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में भारतीय एथलीट हरिता भद्रा और एंसी सोजन को मेडल जीतने पर बधाई दी है। रविवार को हरिता ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज और एंसी ने महिलाओं की लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीता।

राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर हरिता भद्रा को हार्दिक बधाई। बेहद प्रतिस्पर्धी रेस में आपने डटकर मुकाबला किया और यादगार प्रदर्शन किया। आप यूं ही उत्कृष्टता की ओर बढ़ती रहें।"

एंसी सोजन के प्रदर्शन पर राष्ट्रपति ने लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की लॉन्ग जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल करने पर एंसी सोजन को हार्दिक बधाई। रोमांचक फाइनल में आपका प्रदर्शन आपके कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। आप और भी ऊंचाइयों को छूती रहें।"

हरिता ने महिलाओं की 200 मीटर फाइनल में 23.20 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने जापान की धाविका को महज 0.01 सेकंड के अंतर से पीछे छोड़ा। सिंगापुर की वेरोनिका शांति पेरेरा ने 22.78 सेकंड के साथ गोल्ड और चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकंड के साथ सिल्वर मेडल जीता। भारत की ही उन्नति अय्यप्पा बोल्लंड 23.46 सेकंड के साथ छठे स्थान पर रहीं।

हरिता के इस मेडल के साथ 2018 के बाद पहली बार भारत ने महिला 200 मीटर में एशियन गेम्स में पोडियम पर वापसी की है। इससे पहले दुती चंद ने 2018 में ब्रॉन्ज जीता था। 23 वर्षीय हरिता अपने पहले एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही थीं। इससे पहले उन्होंने 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 23.14 सेकंड किया था।

वहीं, महिला लॉन्ग जंप में एंसी सोजन ने रोमांचक मुकाबले में सिल्वर जीता। उन्होंने 6.49 मीटर की जंप से शुरुआत की और लंबे समय तक शीर्ष पर रहीं। पांचवें राउंड में चीन की हुआंग यिंगयिंग ने भी 6.49 मीटर की छलांग लगाई, लेकिन एंसी ने 6.53 मीटर कूदकर फिर से बढ़त बना ली।

आखिरी प्रयास में हुआंग ने 6.55 मीटर की जंप लगाकर एंसी को दो सेंटीमीटर से पीछे छोड़ दिया। एंसी का अंतिम प्रयास 6.49 मीटर रहा और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा। भारत की शैली सिंह 6.42 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि चीन की मेंगयी तान ने अंतिम प्रयास में 6.46 मीटर कूदकर ब्रॉन्ज जीता।

एंसी के लिए 2026 का सीजन शानदार रहा है। इस साल उन्होंने भुवनेश्वर में वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर में 6.88 मीटर की छलांग के साथ नेशनल रिकॉर्ड भी बनाया था।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it