Top
Begin typing your search above and press return to search.

तीसरा वनडे: कैरेबियन कप्तान होप ने खेली नाबाद 162 रनों की पारी, भारत के खिलाफ लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

कप्तान शाई होप की 162 रनों की नाबाद पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने तीसरे वनडे मैच में भारत के खिलाफ 352 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 5 विकेट से जीत हासिल की

तीसरा वनडे: कैरेबियन कप्तान होप ने खेली नाबाद 162 रनों की पारी, भारत के खिलाफ लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
X

न्यू चंडीगढ़। कप्तान शाई होप की 162 रनों की नाबाद पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने तीसरे वनडे मैच में भारत के खिलाफ 352 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 5 विकेट से जीत हासिल की। शनिवार को पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 5 विकेट से जीत हासिल की, जिसमें शाई होप ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

रोहित शर्मा (92), ऋतुराज गायकवाड़ (57) और केएल राहुल (नाबाद 129) की शानदार पारियों के दम पर भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 351 रन बनाए।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम ने 48.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम किया। कप्तान शाई होप ने 143 गेंदों में 3 छक्कों और 17 चौकों के साथ नाबाद 162 रन बनाए, जबकि आमिर जंगू ने 67 रन की पारी खेली। इनके अलावा, कीमो पॉल ने टीम के खाते में 44 रन जुटाए।

इसी के साथ शाई होप वनडे फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के लिए रन चेज के दौरान सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, जिन्होंने साल 2019 में इंग्लैंड के विरुद्ध 162 रन की पारी खेली थी।

यह भारत के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में रन चेज में सबसे बड़ा स्कोर भी है। इस मामले में वेस्टइंडीज के कप्तान ने श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी तिलकरत्ने दिलशान के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2009 में राजकोट में 160 रन की पारी खेली।

शाई होप ने वनडे क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर-कप्तान 8 शतक लगाए हैं। इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी (4) और एबी डिविलियर्स (4) उनसे पीछे हैं।

शाई होप सबसे कम पारियों में 21 वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। होप ने यह कारनामा 152 पारियों में किया। इस मामले में क्विंटन डी कॉक और डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली है। हाशिम आमला (116 पारियां) और विराट कोहली (138 पारियां) इस लिस्ट में होप से आगे हैं।

शाई होप भारत के खिलाफ सर्वाधिक वनडे शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। एबी डिविलियर्स (5 शतक) इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं। वहीं, डेरिल मिचेल और शाई होप 4-4 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

यह वनडे फॉर्मेट में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा सफल रच चेज रहा। इससे पहले कैरेबियन टीम ने साल 2019 में आयरलैंड के विरुद्ध 328 रनों का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी। यह वनडे इतिहास में भारत के खिलाफ रनों का पीछा करते हुए दूसरी सबसे बड़ी जीत भी है। इस लिस्ट में आस्ट्रेलिया (मोहाली, साल 2019) और साउथ अफ्रीका (रायपुर, साल 2025) संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जिन्होंने टीम इंडिया के विरुद्ध 359-359 रनों के टारगेट का सफलतम पीछा किया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it