Top
Begin typing your search above and press return to search.

दूसरा वनडे: बावुमा-मिलर ने जड़े शतक, ऑस्ट्रेलिया की 32 रन से हार, सीरीज में साउथ अफ्रीका की 2-0 से अजेय बढ़त

साउथ अफ्रीका ने कप्तान टेंबा बावुमा और डेविड मिलर की शतकीय पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 32 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

दूसरा वनडे: बावुमा-मिलर ने जड़े शतक, ऑस्ट्रेलिया की 32 रन से हार, सीरीज में साउथ अफ्रीका की 2-0 से अजेय बढ़त
X

जोहान्सबर्ग। साउथ अफ्रीका ने कप्तान टेंबा बावुमा और डेविड मिलर की शतकीय पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 32 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

वांडरर्स स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 9 विकेट खोकर 365 रन बनाए। टीम को पहली ही गेंद पर एडेन मार्करम (0) के रूप में झटका लग गया था, जिसके बाद कप्तान टेंबा बावुमा ने क्विंटन डी कॉक (15) के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 रन, जबकि मैथ्यू ब्रीत्जके (34) के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रन जुटाते हुए टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

टीम 93 रन तक अपने 3 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान ने डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 132 गेंदों में 156 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 249 के स्कोर तक पहुंचा दिया। बावुमा 116 गेंदों में 2 छक्कों और 10 चौकों के साथ 103 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मिलर ने 93 गेंदों में 142 रन जड़े। उनकी इस पारी में 9 छक्के और 12 चौके शामिल रहे। इनके अलावा, डुआन जानसेन ने नाबाद 27 रन बनाए।

विपक्षी खेमे से जैक एडवर्ड्स ने 10 ओवरों में 67 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि जोश हेजलवुड ने 3 विकेट चटकाए। इनके अलावा, जैवियर बार्टलेट ने 1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 49.5 ओवरों में 333 रन पर सिमट गई। कप्तान मिचेल मार्श ने ट्रेविस हेड के साथ 17 ओवरों में 130 रन की साझेदारी की। मार्श 53 गेंदों में 5 छक्कों और 10 चौकों के साथ 84 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हेड ने 76 गेंदों में 13 बाउंड्री के साथ 84 रन की पारी खेली।

इनके अलावा, जैवियर बार्टलेट ने 28 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों के साथ ताबड़तोड़ 50 रन बनाए, जबकि मैट रेंशॉ ने 32 रन का योगदान दिया, लेकिन यह पारियां जीत के लिए नाकाफी रहीं। साउथ अफ्रीकी खेमे से लिजाद विलियम्स ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। मार्को जानसेन, केशव महाराज और ब्योर्न फोर्टुइन ने 2-2 विकेट झटके।

वनडे सीरीज का अंतिम मैच 30 सितंबर को खेला जाएगा, जिसके बाद 9 अक्टूबर से तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज आयोजित होगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it