टी20 वर्ल्ड कप जीत पर धोनी का खास पोस्ट, ‘कोच साहब’ कहकर गौतम गंभीर की तारीफ

वीवीआईपी बॉक्स में मौजूद थे धोनी
‘कोच साहब’ को खास अंदाज में दी बधाई
धोनी ने अपने पोस्ट में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का जिक्र करते हुए बेहद दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, कोच साहब, मुस्कान आप पर बहुत अच्छी लगती है। मुस्कान के साथ आपकी तीव्रता घातक कॉम्बिनेशन है, बहुत बढ़िया।” गौतम गंभीर अपने गंभीर और सख्त स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में जीत के बाद उनके चेहरे पर आई मुस्कान को लेकर धोनी की यह टिप्पणी फैंस को काफी पसंद आई। धोनी ने आगे पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को बधाई देते हुए लिखा, “अहमदाबाद में इतिहास बना है। टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर के भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते देखना बेहद खुशी की बात है।”
बुमराह की गेंदबाजी की भी तारीफ
धोनी ने अपने पोस्ट में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का भी जिक्र किया। हालांकि उन्होंने यह बात मजाकिया अंदाज में कही।
धोनी ने लिखा, बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है… चैंपियन गेंदबाज।” दरअसल, फाइनल मुकाबले में बुमराह की गेंदबाजी बेहद शानदार रही। उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा और 4 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। उनकी घातक गेंदबाजी के कारण न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए कभी भी मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी।
बल्लेबाजों ने भी दिखाया दम
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इन दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह स्कोर टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबलों के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
गेंदबाजों ने पूरी की जीत
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कीवी बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई और भारत ने यह मुकाबला 96 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारत तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गया।
धोनी की पोस्ट बनी चर्चा का विषय
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद जहां देशभर में जश्न का माहौल है, वहीं महेंद्र सिंह धोनी की सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गई है। फैंस को खास तौर पर उनका गौतम गंभीर को “कोच साहब” कहकर बधाई देना और बुमराह के बारे में किया गया मजाकिया कमेंट बेहद पसंद आया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ धोनी की यह पोस्ट भी फैंस के बीच लंबे समय तक याद की जाएगी। 🏆🇮🇳


