सपा सरकार ने भू एवं खनन माफियाओं को संरक्षण देकर प्रदेश को किया तबाह:अमित शाह
बांदा/हमीरपुर/महोबा ! भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार ने भू और खनन माफियाओं को संरक्षण देकर

बांदा/हमीरपुर/महोबा ! भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार ने भू और खनन माफियाओं को संरक्षण देकर प्रदेश को तबाह करने का काम किया है इसलिये उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गयी है।
श्री शाह आज बांदा, हमीरपुर और महोबा में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे । उन्होंने कहा कि प्रदेश की समस्याओं का समाधान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) कांग्रेस और सपा सरकार नहीं कर सकती। केवल भाजपा सरकार ही इन समस्याओं का समाधान कर सकती है। उन्होंने कहा कि 20 सालों से उत्तर प्रदेश का बुन्देलखण्ड क्षेत्र पिछड़ गया है। मध्य प्रदेश में 24 घंटे बिजली मिल रही है। महिलाओं की सुरक्षा और उनका सम्मान हो रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में रोजाना 13 हत्याएं, 23 बलात्कार, दर्जनों लूट की घटनाएं होती हैं, फिर भी वह कहते हैं काम बोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने भू एवं खनन माफियाओं को सरंक्षण देकर प्रदेश काे तबाह कर दिया । प्रदेश से परिवारवाद और जातिवाद का खात्मा होने वाला है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बुन्दलेखण्ड में छुट्टा पशुओं के लिये हर गांव में पशुबाडे बनाये जायेंगे। भाजपा सरकार आने पर नौकरियों में इंटरव्यू खत्म कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 25 मेडिकल कालेज, 80 इंजीनियरिंग कालेज खोले जायेंगे । जब यूपीए की सरकार थी तो पाकिस्तान गोलीबारी करता था लेकिन भाजपा की सरकार में पाकिस्तान से गोली आती है तो यहां से गोला भेजा जाता है। तीन तलाक के सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने सभी की राय पूछी तो सपा के नेता कुछ नहीं बोले लेकिन भाजपा चाहती है कि मुस्लिम महिलाओं को न्याय मिले।
केन्द्र सरकार ने एक लाख करोड़ रूपये उत्तर प्रदेश में भेजा है लेकिन वह नहीं जानते कि चाचा ले गया या भतीजा। सपा के नेताओं के टप्पर, घरों में महल बन गये, दरवाजे पर फार्चूनर खडी हो गयी है।
श्री शाह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पराजय को देखते हुए सपा और काँग्रेस ने गठबन्धन किया । दोनों दलों को जीत का भरोसा होता तो कभी गठबन्धन नहीं होता। उन्होंने कहा कि किसी मुख्यमंत्री को वोट नहीं देना है, किसी विधायक को वोट नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के भाग्य बदलने के लिए बटन दबाना है।
उन्होंने कहा कि यहाँ अस्पताल की कमी, सस्ता गल्ला, रोड, बेरोजगारी और जमीन कब्जे से लोग परेशान हैं और अखिलेश कहते हैं कि काम बोलता है जबकि मुख्यमंत्री अखिलेश के कार्यकाल में हत्या, बलात्कार, चोरी लूट आदि की घटनाएं हो रही हैं ।
श्री शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश समस्याओं का दरिया बन गया है, उसे पार करने के लिए कलेजा चाहिए, जो अखिलेश में नहीं है। अखिलेश की सरकार में मवेशियों के अपहरण कर, उनका वध कर, व्यापार किया जा रहा है। जैसे ही भाजपा सरकार बनी वध, कत्लखाने बन्द हो जायेंगे।


