संक्रांति उत्सव में नेताओं के साथ झुग्गी बस्तियों के बच्चे बने मेहमान
नई दिल्ली ! राजधानी में उत्तरायणी, पोंगल और मकर सक्रांति पर राजनीतिक खिचड़ी पकाने की जुगत चौतरफा दिखी।

नई दिल्ली ! राजधानी में उत्तरायणी, पोंगल और मकर सक्रांति पर राजनीतिक खिचड़ी पकाने की जुगत चौतरफा दिखी। मित्र, पेशेवरों से मेल मिलाप की ख्वाहिशों के बीच दिल्ली के नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी मकर संक्रांति व पोंगल उत्सव का आयोजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में पंजाबी, भोजपुरी एवं दक्षिण भारतीय नृत्य और संगीत के साथ-साथ दही, चिड़वा, दूध भोज का आनंद लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में नेताओं के साथ-साथ गैस गोदाम इन्द्रपुरी, भीम कालोनी, नांगलोई एवं संजय कैम्प, चाणक्यपुरी की झुग्गी बस्तियों के बच्चे भी मेहमान बने।
जबकि कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के आवास पर उत्तर प्रदेश के टिकटार्थियों की भारी भीड़ दिखी। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, उपाध्यक्ष श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, राष्ट्रीय मंत्री महेश गिरी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा, श्रीमती मीनाक्षी लेखी, डा. उदित राज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मलहोत्रा, विधायक विजेन्द्र गुप्ता, ओम प्रकाश शर्मा, जगदीश प्रधान सहित निगम के कई नेता शामिल हुए। सांसद मीनाक्षी लेखी ने आज मकरसंक्रांति के उत्सव पर ग्रेटर कैलाश वार्ड 192 में क्षेत्र के नागरिकों को ग्रेटर कैलाश के डब्ल्यू एवं आर ब्लॉक और ईस्ट ऑफ कैलाश के ई ब्लॉक के पार्कों में ओपन एयर जिम का उद्घाटन किया तो चांदनी चौक से पाषर्द सुरेखा गुप्ता ने पीली कोठी रेलवे लाइन झुग्गी बस्ती के नागरिकों के लिए नवनिर्मित शौचालय एवं स्नानघर का उद्घाटन किया। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने दक्षिण भारत के मुख्य पर्व पोंगल को अनिवार्य अवकाश घोषित करने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार का आभार प्रकट किया और वजीराबाद स्थित सूर यमुनाघाट में गुरुमाणिकनाथ धाम के तत्वाधान में आज विशाल मकरैणी, उत्तरैणी स्नान मेला का आयोजन किया गया। दिलशाद गार्डन, जीटीबी एन्कलेव, सीमापुरी एवम् निकटवर्ती क्षेत्र की उत्तराखण्ड की समस्त सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा पहली बार मकर सक्रांन्ति महोत्सव सामूहिक एवं पारम्परिक रूप से मनाया गया। यहां बद्रीनाथ मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयेाजित किए गए। उत्तरैधी, मकरैणी महोत्सव समति के अध्यक्ष जेपीएस नेगी ने बताया कि यह पर्व पूरे देश में अलग अलग नाम से मनाया जाता है और इसके प्रति आस्था व श्रद्धा देखकर सुखद अनुभूति होती है।


