छोटे बच्चे बने डीसी, एसपी, मौके पर हल की कई समस्याएं
डीसी मनीराम शर्मा द्वारा जिले में स्लम बस्ती के बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए अनूठी पहल शुरू की गई

पलवल। डीसी मनीराम शर्मा द्वारा जिले में स्लम बस्ती के बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए अनूठी पहल शुरू की गई। जिसके अंतर्गत शनिवार को उन्होंने कुछ स्वयंसेवी समाज सेवकों द्वारा शास्त्री पार्क पलवल मे पढ़ाए जाने वाले लगभग 80 बच्चों को डीसी कार्यालय में बुलाकर उनमें कुछ बच्चों को जिला प्रसाशन के विभिन्न अधिकारियों के पदों की कुर्सियों पर बैठाया।
उनके द्वारा ही शहर की विभिन्न समस्याओं एवं उनके निवारण से संबंधित बैठक आयोजित करवाई। इस कार्यक्रम के तहत बेबी कुशाग्री को डीसी पद की कुर्सी का कार्यभार सौंपा गया। मुक्ति को पुलिस अधीक्षक, रिया को एडीसी, शिवा को जिला खेल अधिकारी, सुमन मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उमा को जिला शिक्षा अधिकारी के अलावा अन्य बच्चों को भी जिला स्तर के पदों की कुर्सियों पर आसीन किया गया।
इन बच्चों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों की तर्ज पर ही बैठक का सफल संचालन किया। इस दौरान जिले की आम समस्याओं और उनके निवारण के बारे में चर्चा की। इस संबंध में सभी छाया अधिकारियों ने अपने अपने विभाग से संबंधित कार्यक्रमो की जानकारी सांझा की।
डीसी मनीराम शर्मा द्वारा इससे पहले भी दो बार शास्त्री पार्क जाकर इन बच्चो को पढ़ाकर उन्हें प्रोत्साहित किया तथा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी पलवल के माध्यम से जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं।


