गोली मारकर डिलेवरी एजेंट से पचास हजार रुपए की लूट
मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के ईसागढ़ थाना क्षेत्र में आज शाम नकाबपोश बदमाशों ने एक निजी कंपनी के डिलेवरी एजेंट को गोली मारकर पचास हजार रुपए लूट लिए

अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के ईसागढ़ थाना क्षेत्र में आज शाम नकाबपोश बदमाशों ने एक निजी कंपनी के डिलेवरी एजेंट को गोली मारकर पचास हजार रुपए लूट लिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आशाराम शर्मा ई-कॉमर्स कंपनी के डिलेवरी एजेंट के तौर पर काम करता है। वह शाम ईसागढ़ में पार्सल की डिलेवरी कर मोटर साइकिल से अशोकनगर वापस लौट रहा था। तभी ईसागढ़ रोड पर सारसखेड़ी गांव के समीप तीन अज्ञात नकाबपोश उसका पीछा करते हुए आए और उसे गाड़ी से नीचे गिरा दिया तथा कट्टे से पैरों पर फायर कर रुपयों का बैग और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आशाराम ने बताया कि बेग में 50 हजार से अधिक रुपए रखे हुए थे। वारदात में उसके दोनों पैरों की जांघो में छर्रे लगे हैं। ईसागढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों की तलाश कर रही है।


